लखनऊ : लखनऊ के इको गार्डन में शुक्रवार को छात्रों और वनडे एग्जाम की तैयारी कर रहे करीब 6 हजार अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके भी इसमें शामिल हुए। वह करीब 40 मिनट तक रुके। भाषण दिया, 20 जून को दिल्ली आने का आह्वान किया। इसके बाद निकल गए।
दीपके ने संबोधन में कहा- हमारा देश एक आंदोलन से बना था। आंदोलन नहीं हुआ होता तो आज आजादी भी नहीं मिलती। अगर देश में इमरजेंसी के खिलाफ आंदोलन ना होता तो आज लोकतंत्र ना होता। आंदोलन करना सबसे बड़ी देशभक्ति है। चाहे लेखपाल हो, UPSI हो, NEET हो या CBSE, जो-जो भी इनके पेपर लीक करने के दोषी होंगे, सबको रिजाइन करना होगा।
सुबह 10 बजे प्रदर्शन शुरू हुआ। अभिजीत दोपहर डेढ़ बजे हाथ में संविधान की किताब लेकर इको गार्डन पहुंचे। उन्हें पुलिस ने सुरक्षा घेरे में अंदर तक पहुंचाया। 40 मिनट के बाद वह कैब से बाहर चले गए। प्रदर्शन के दौरान RAF (रैपिड एक्शन फोर्स), पीएसी और लोकल पुलिस के 1500 से ज्यादा जवान तैनात रहे।
सैकड़ों छात्र और समर्थक पोस्टर-बैनर लेकर पहुंचे थे। वे ‘पेपर लीक बंद करो, बंद करो’ और ‘UPSI स्कोर कार्ड जारी करो, जारी करो’ के नारे लगा रहे थे। कुछ छात्र-अभ्यर्थियों ने कॉकरोच पार्टी और अभिजीत दीपके का विरोध भी किया। कहा- हमारे इस आंदोलन का कॉकरोच पार्टी से कोई मतलब नहीं है। वे राजनीति कर रहे हैं। अगर अभिजीत दीपके यहां आ गए, तो हमारा आंदोलन तहस-नहस हो जाएगा।
अभिजीत गुरुवार देर रात 2.20 बजे लखनऊ पहुंचे थे। उन्होंने टीम इंडिया की टी-शर्ट पहन रखी थी।

इको गार्डन में अंदर जाते समय पुलिस ने अभिजीत दीपके के लिए सुरक्षा घेरा बनाया।

इको गार्डन में सुबह से भारी पुलिस फोर्स तैनात है।

अभिजीत दीपके ने हाथ में संविधान की किताब ले रखी है। उन्होंने किताब दिखाकर प्रदर्शन कर रहे अपने समर्थकों का अभिवादन किया।

कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके दिल्ली से रात 2:20 बजे लखनऊ पहुंचे। उन्होंने टीम इंडिया की टी-शर्ट पहन रखी थी।

इको गार्डन में छात्र ग्रुपों में एकसाथ आ रहे हैं। इस दौरान इंकलाब जिंदाबाद, भारत माता की जय के नारे लगा रहे हैं।

वामपंथी छात्र संगठनों ने केवल सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने के लिए कहा तो UPSI अभ्यर्थी उनसे भिड़ गए।

एक युवक कॉकरोच का मुखौटा लगाकर इको गार्डन पहुंचा।

युवा ‘पेपर लीक बंद करो, बंद करो’ और ‘UPSI स्कोर कार्ड जारी करो, जारी करो’ के नारे लगा रहे हैं।
‘अभिजीत दीपके ने आंदोलन को डिरेल करने की कोशिश की’
नोएडा से आए शिक्षक नितिन ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत ने इस पूरे प्रदर्शन को डिरेल करने की कोशिश की। उन्हें पता ही नहीं था कि किस मुद्दे पर प्रदर्शन हो रहा है। उनका कहना था कि यह प्रोटेस्ट का आह्वान किया, जबकि ऐसा नहीं है। इस प्रदर्शन की रूपरेखा हमने 15 दिन पहले तैयार की थी। उसमें उत्तर प्रदेश के तमाम प्रतियोगिता के परीक्षार्थी शामिल थे। यह प्रदर्शन पूरी तरह राज्य सरकार के परीक्षा लेने के तरीके के खिलाफ था। उन्हें यह बात पता ही नहीं थी, वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांग रहे थे।
अभिजीत कैब में सवार होकर इको गार्डन से निकल गए

अभिजीत दीपके भाषण देने के बाद कैब में सवार होकर इको गार्डन से बाहर निकल गए। उनके इको गार्डन से निकलने के दौरान पुलिस ने सुरक्षा कवर दिया। भाषण में उन्होंने युवाओं को 20 जून को दिल्ली आने के लिए आह्वान किया।

