Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

मैगी के पैकेट में कीड़े मिलने पर नेस्ले को नोटिस:FSSAI ने बैच मार्केट से हटाने के आदेश दिए; KFC-फ्लिपकार्ट से भी जवाब मांगा

नई दिल्ली : भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मैगी में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद नेस्ले कंपनी को नोटिस भेजा है। सोशल मीडिया पर आई शिकायतों के आधार पर FSSAI ने कंपनी से जवाब मांगा है और तुरंत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) देने को कहा है।

FSSAI ने मैगी के जिस बैच को लेकर शिकायत मिली है, उसे बाजार से तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा, साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों को लेकर फास्ट-फूड चेन KFC को भी नोटिस जारी किया गया है।

वहीं, खजूर के एक प्रोडक्ट में कीड़े मिलने की शिकायत पर फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट से भी जवाब तलब किया गया है। FSSAI का कहना है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी कंपनियों से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मांगा जवाब

  • कच्चा माल कहां से आया, जांच कैसे हुई: नेस्ले को बताना होगा कि जिस बैच में शिकायत मिली, उसका कच्चा माल किस सप्लायर से आया था। साथ ही पैकेट बाजार में भेजने से पहले उसकी क्वालिटी जांच से जुड़े सभी रिकॉर्ड भी देने होंगे।
  • बाजार से स्टॉक हटाने के लिए क्या किया: कंपनी को जानकारी देनी होगी कि शिकायत वाले बैच या उससे जुड़े संभावित प्रभावित उत्पादों को बाजार और सप्लाई चेन से हटाने के लिए उसने क्या तत्काल कदम उठाए हैं।
  • भविष्य में ऐसी घटना रोकने की क्या तैयारी है: FSSAI ने नेस्ले से पूछा है कि वह अपने क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम में क्या बदलाव करने जा रही है, ताकि आगे ऐसी शिकायतें दोबारा न आएं।
2024 में एमपी के जबलपुर के एक कस्टमर ने वीडियो शेयर कर मैगी में कीड़े की शिकायत की थी।

2024 में एमपी के जबलपुर के एक कस्टमर ने वीडियो शेयर कर मैगी में कीड़े की शिकायत की थी।

नेस्ले ने कहा- शिकायत करने वाले का अकाउंट संपर्क से बाहर

नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम एक अनवेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट के आधार पर मीडिया में चल रहे कीड़े या इन्फेस्टेशन के आरोपों को पूरी तरह नकारते हैं। शिकायत करने वाले का अकाउंट अनरीचेबल (संपर्क से बाहर) होने के कारण हमें अभी तक शिकायत वाला सैंपल नहीं मिल सका है।”

कंपनी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने बैच के क्वालिटी रिकॉर्ड्स, मार्केट सैंपल्स और टेस्ट रिपोर्ट्स के साथ सक्षम अधिकारियों के सामने एक डिटेल्ड प्रजेंटेशन पहले ही जमा कर दिया है।

लैब रिपोर्ट में नहीं मिला कोई कीड़ा

नेस्ले इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, कंपनी ने मामले की पूरी जांच के लिए संबंधित बैच और मार्केट सैंपल्स की क्वालिटी एनालिसिस एक FSSAI मान्यता प्राप्त लैब से कराई है। इस लैब रिपोर्ट में किसी भी प्रकार के कीड़े या इन्फेस्टेशन के न होने की पुष्टि हुई है और यह पूरी तरह से क्वालिटी स्टैंडर्ड्स के अनुकूल है।

2015 में मैगी में लेड मिलने का मामला आया था

यह मामला नेस्ले के लिए इसलिए संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि मैगी कंपनी के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा बिकने वाले ब्रांड्स में से एक है।

साल 2015 में भी मैगी बड़ा विवाद झेल चुकी है। तब FSSAI ने मैगी में तय सीमा से ज्यादा लेड (सीसा) और MSG लेबलिंग से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई करते हुए इसे बाजार से वापस मंगाने का आदेश दिया था।

उस विवाद से नेस्ले की बिक्री और ग्राहकों का भरोसा दोनों प्रभावित हुए थे। कंपनी को अपनी छवि और बाजार में भरोसा दोबारा बनाने में कई साल लगे।

ऐसे में अब मैगी के एक पैकेट में कीड़े मिलने की शिकायत पर FSSAI का नोटिस नेस्ले के लिए अहम माना जा रहा है। भले ही मामला अभी जांच के स्तर पर हो, लेकिन इससे कंपनी की साख और उपभोक्ताओं के भरोसे पर असर पड़ सकता है।

सोशल मीडिया पर वायरल शिकायतों के बाद कार्रवाई

नेस्ले, KFC, फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सीक्रेट को एक साथ जारी हुए नोटिसों से फूड सेफ्टी रेगुलेशन का एक नया पैटर्न दिखाई दे रहा है। अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने वाली उपभोक्ताओं की शिकायतें सीधे आधिकारिक रेगुलेटरी नोटिस में बदल रही हैं।

इससे किसी व्यक्तिगत शिकायत और कंपनी से मांगी जाने वाली आधिकारिक रिपोर्ट के बीच का समय बहुत कम हो गया है। भारत में काम कर रही खाद्य और क्विक सर्विस कंपनियों के लिए यह एक बड़ा ऑपरेशनल रिस्क (कामकाजी जोखिम) बन चुका है, जहां एक सिंगल वायरल पोस्ट कंपनी के लिए कानूनी और प्रतिष्ठा से जुड़ी मुश्किलें खड़ी कर सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *