Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

खत्म हुआ 25 साल का लंबा इंतजार! नोएडा एयरपोर्ट पर हुई पहली कमर्शियल फ्लाइट की लैंडिंग

Noida International Airport, Jewar: दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विमानन इतिहास में आज 15 जून 2026 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। जेवर में बने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से कमर्शियल उड़ान सेवाओं का आधिकारिक तौर पर शंखनाद हो चुका है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट ने सुबह करीब 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर ली है।

लखनऊ से आए विमान की इस पहली ऐतिहासिक लैंडिंग के साथ ही एयरपोर्ट पर विमान को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया। वहीं, नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू कुछ ही देर में करेंगे। वह बेंगलुरु जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पहले दिन इन शहरों के लिए उड़ानें

एयरपोर्ट से पहले दिन लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू होंगी। इसके बाद 16 जून से जम्मू, नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पहले दिन कुल आठ बार विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेंगे।

जेवर से लखनऊ जाएंगे 172 किसान

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमान में देश के 172 किसान सवार होंगे, जो लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सभी किसान वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।

एक जुलाई से 16 शहरों से जुड़ेगा जेवर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। एक जुलाई से यहां से 16 शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू होने की योजना है। इनमें जयपुर, भोपाल, चंडीगढ़, बरेली, देहरादून, लखनऊ और नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। शुरुआत में इंडिगो और अकासा एयर अपनी सेवाएं संचालित करेंगी।

लखनऊ के लिए रोजाना चार फ्लाइट

यात्रियों की सुविधा के लिए नोएडा और लखनऊ के बीच प्रतिदिन चार उड़ानों का संचालन किया जाएगा। ये फ्लाइटें हफ्तों के सातों दिन उपलब्ध रहेंगी। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

आठ जिलों से शुरू होगी सीधी बस सेवा

एयरपोर्ट तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के आठ जिलों से सीधी बस सेवा भी शुरू की जा रही है। आगरा, मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, हाथरस और लखनऊ से बसें सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेंगी। इसके अलावा हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और चंडीगढ़ से भी बस सेवाएं उपलब्ध होंगी।

यूपी का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन गया है। इससे पहले लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर और अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी यूपी बल्कि पूरे उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *