- अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की खबर ने वैश्विक निवेशकों में नया उत्साह भर दिया है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी जोरदार तरीके से देखने को मिला
अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते के बाद ग्लोबल मार्केट से अनिश्चितता के बादल पूरी तरह छंट गए हैं, जिसका सीधा और धमाकेदार असर दलाल स्ट्रीट पर देखने को मिला है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार खुलते ही निवेशकों की चांदी हो गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सूचकांक सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 दोनों ही रॉकेट बन गए हैं। खासकर वित्तीय, एविएशन और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली।
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स 1,126.36 अंक यानी 1.49 फीसदी की तेजी के साथ 76,654.31 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी 339.25 अंक यानी 1.44 फीसदी चढ़कर 23,962.15 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में निफ्टी ने 24,000 के अहम स्तर को भी फिर से छू लिया, जिससे निवेशकों का उत्साह और बढ़ गया।
बाजार में खरीदारी का जोर
शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार में खरीदारी का दबदबा रहा। करीब 557 शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए, जबकि केवल 65 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं 40 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। यह आंकड़ा बताता है कि बाजार में सकारात्मक धारणा मजबूत बनी हुई है।
इन शेयरों ने दिखाई शानदार तेजी
निफ्टी पर सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और TMPV शामिल रहे। इन कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर ONGC, सिप्ला और अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों पर कुछ दबाव दिखाई दिया और ये शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
दिग्गज बैंकों का जलवा
बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी 1% से लेकर 3% तक की शानदार मजबूती देखी जा रही है। रिलायंस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) जैसे हैवीवेट शेयर्स भी हरे निशान में बने हुए हैं।
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया हुआ मजबूत
अमेरिका-ईरान डील के बाद भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ है। सोमवार को भारतीय रुपया में मजबूत बढ़त देखने को मिली। वर्तमान में भारतीय रुपया का भाव 52 पैसे की मजबूती के साथ 94.57 प्रति डॉलर पर आ गया है।

