Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

विधायक की एस्कॉर्ट गाड़ी को डंपर ने मारी टक्कर:यमुना एक्सप्रेस-वे पर दरोगा की मौत, हादसे में कई पुलिसकर्मी घायल

मथुरा : नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मांट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी को एक डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में एस्कॉर्ट वाहन में सवार दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौत हो गई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज नोएडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक राजेश चौधरी रविवार दोपहर जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे। उनका काफिला यमुना एक्सप्रेस-वे से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि जेवर एयरपोर्ट के पास नए फ्लाईओवर के निकट अचानक गलत दिशा से आ रहे एक डंपर ने मोड़ पर एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद डिवाइडर से टकराई गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि एस्कॉर्ट गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना होते ही विधायक राजेश चौधरी का काफिला रुक गया। विधायक ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में सहयोग किया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दरोगा राजेंद्र सिंह यादव को मृत घोषित किया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दरोगा राजेंद्र सिंह यादव को मृत घोषित किया।

अस्पताल में दरोगा ने तोड़ा दम

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल भेजा गया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दरोगा राजेंद्र सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

डंपर चालक की लापरवाही की आशंका

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह डंपर का गलत दिशा में चलना बताया जा रहा है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

विधायक ने जताया शोक

हादसे के बाद विधायक राजेश चौधरी ने दरोगा राजेंद्र सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *