Breaking
Mon. Jun 29th, 2026

जीएलए इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च का उत्कृष्ट प्लेसमेंट

  • 85 प्रतिशत विधि विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कॉरपोरेट्स, वित्तीय संस्थानों एवं अग्रणी लॉ फर्मों में चयन

दैनिक उजाला, मथुरा: जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च (आईएलएसआर) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। संस्थान के 85 प्रतिशत विधि विद्यार्थियों का देश की प्रतिष्ठित कॉरपोरेट कंपनियों, वित्तीय संस्थानों, विधिक सेवा प्रदाता संगठनों तथा अग्रणी लॉ फर्मों में चयन हुआ है, जो संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण विधिक शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं उद्योगोन्मुखी शिक्षण प्रणाली का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

इस वर्ष विद्यार्थियों को पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, पीएचएफएल होम लोन एंड सर्विसेज, ट्रिलियन लोन्स, क्विसलेक्स, जीनस पेपर एंड बोर्ड्स, नवरिति टेक्नोलॉजीज, एटीएस इन्फ्रास्ट्रक्चर्स तथा बीजीएसबी सॉल्यूशंस सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में प्लेसमेंट प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त प्रतिष्ठित कॉरपोरेट संगठनों एवं विधि फर्मों ने भी संस्थान के विद्यार्थियों का चयन किया है, जिससे संस्थान की बढ़ती प्रतिष्ठा एवं उद्योग जगत में उसकी स्वीकार्यता स्पष्ट होती है।

संस्थान विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक विधिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें व्यावहारिक एवं पेशेवर दक्षताओं से भी सशक्त बनाता है। संस्थान नियमित रूप से सहयोगात्मक शिक्षण, विशेषज्ञ व्याख्यान, कार्यशालाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा उद्योग एवं विधि विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्रों का आयोजन करता है।

संस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर विधिक शिक्षा और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के सहयोग से दो सफल राष्ट्रीय स्तरीय मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया है। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के प्रतिष्ठित विधि संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिससे प्रतिभागियों को न्यायालयीन कार्यप्रणाली, विधिक शोध, तर्क-वितर्क एवं वकालत कौशल का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

प्लेसमेंट के साथ-साथ संस्थान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहा है। विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित लॉ फर्मों एवं संगठनों में इंटर्नशिप करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जिनमें मुख्य रूप से हम्मूरबी एंड सोलोमन, शार्दूल अमरचंद मंगलदास एंड कंपनी, जे सागर एसोसिएट्स, डेंटन्स लिंक लीगल, लीगल फॉक्सेस, रिसर्जेंट इंडिया, ज्यूरिस लीगल एलएलपी, दीवान एडवोकेट्स, कॉन्सेप्ट लीगल कंसल्टेंट्स, एएआर अटॉर्नी अलायंस, खुराना एंड खुराना एडवोकेट्स एंड आईपी अटॉर्नीज, टाइगर लॉ कॉरपोरेट, मास्टर्स एंड चैंबर्स तथा डीएसके लीगल जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित संस्थाएं शामिल हैं।

संस्थान विद्यार्थियों को मूट कोर्ट प्रतियोगिताओं, कानूनी अनुसंधान, इंटर्नशिप, कॉरपोरेट एक्सपोजर, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से भविष्य की पेशेवर चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

विधि संस्थान के डीन प्रो. सोमेश धमीजा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, समर्पण और जीएलए विश्वविद्यालय के विधि संस्थान द्वारा प्रदान किए जा रहे उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी प्रतिष्ठित संगठनों और लॉ फर्मों में अपनी पहचान बना रहे हैं। यह उपलब्धि भविष्य के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *