भीलवाड़ा : भीलवाड़ा में पत्नी का मर्डर करने के बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। दोनों रात को अपने साडू के घर आए थे। दोनों ने रात को साथ खाना खाया, फिर एक साथ कमरे में सोने चले गए। सुबह साडू और उनकी पत्नी फूल तोड़ने खेत चले गए, इस बीच दोनों पति- पत्नी में कहासुनी हुई, जिसके बाद पति ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी और खुद फंदे पर लटक गया।
घटना भीलवाड़ा के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बरडोद गांव में सोमवार की सुबह करीब 11 बजे हुई। हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मर्डर के बाद सुसाइड का मामला है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले है। फिलहाल कालू जाट(30) और उसकी पत्नी दुर्गा देवी के शव को हमीरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

दोनों के शव कमरे में मिले, जहां पति फंदे पर लटका हुआ था, वहीं पत्नी की लाश बेड पर पड़ी मिली।
साडू के घर आए थे, सुबह दोनों के शव मिले
थाना प्रभारी के अनुसार, बन का खेड़ा (थाना बड़लियास) निवासी कालू जाट पुत्र देवीलाल अपनी पत्नी दुर्गादेवी के साथ रविवार की शाम को बरडोद गांव में अपने साडू जगदीश जाट के घर मिलने आया था।
रात को साडू और उनकी पत्नी के साथ दोनों ने खाना खाया, फिर साडू के घर ही रुक गए थे। आज सुबह जगदीश जाट और उनकी पत्नी रोज की तरह खेत में फूल तोड़ने के लिए चले गए। उनके साथ दुर्गा देवी भी चली गई, जिसे फोन करके कालू ने वापस घर बुला लिया था।
कुछ देर बाद जब साडू और उसकी पत्नी घर लौटे तो गेट हल्का बंद था, जैसे ही कमरे के भीतर घुसे तो कालू जाट का शव कपड़े के फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी दुर्गादेवी का शव बेड पर पड़ा मिला। इसे देखकर जगदीश और उनकी पत्नी चीखने लगे, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

साडू ने कहा- दोनों के बीच फोन पर हुई थी कहासुनी
साडू जगदीश ने बताया- कालू और उसकी पत्नी रात को हमारे घर पर आए थे, सब कुछ नॉर्मल था। हमने साथ में खाना खाया था। कालू ने बताया था की उनके बेटे की तबीयत थोड़ी खराब है, तो वे उसे सुबह उदयपुर चेक करवाने लेकर जाएंगे।
आज सुबह जब हम उठे तो मेरी साली दुर्गा भी हमारे साथ खेत पर फूल तोड़ने चली आई। इसी दौरान कालू का फोन आ गया, उसने दुर्गा को काफी भला बुरा कहा। बोला कि जब हम उदयपुर जाना है तो फूल तोड़ने क्यों चली गई, तुरंत घर पर आ।
मैं(जगदीश) उसे लेकर घर छोड़ने पहुंचा और उसे गली के बाहर छोड़कर वापस खेत पर चला गया। वहां पहुंचने पर मेरी पत्नी ने मुझे बोला कि कालू और दुर्गा लड़ ना ले, हम भी घर चलते हैं। हम फूल तोड़ने के बाद करीब आधे घंटे में घर पहुंच गए और वहां जाकर देखा तो दोनों के शव कमरे में पड़े थे। बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि कालू अपनी पत्नी की जान लेकर सुसाइड कर लेगा।

हमीरगढ़ में सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर मौजूद परिजन।
घटना की सूचना पर हमीरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम सबूत जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतक किसान था। 11 साल पहले दोनों ने लव मैरिज की थी। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।

