हाथरस : हाथरस में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। मंगलवार की देर रात महिला थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, ससुराल पक्ष पर 50 लाख रुपये और फ्लैट की मांग पूरी न होने पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है।
हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र की एक कालोनी निवासी विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी इसी साल फरवरी में सासनी कस्बे के एक युवक से हुई थी। पहली विदाई के बाद ससुराल पहुंचने पर उसे कम दहेज लाने का ताना दिया गया।
ससुरालियों ने कहा कि उनका बेटा आंखों का बड़ा डॉक्टर है। अपने पिता से 50 लाख रुपये और एक फ्लैट दिलाने की मांग की। जब उसने बताया कि उसके पिता की इतनी अतिरिक्त दहेज देने की हैसियत नहीं है, तो सभी लोग उसके साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करने लगे और मारपीट भी करते थे।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बाद में पता चला कि उसका पति नपुंसक है और उसने आज तक उसके साथ कोई शारीरिक संबंध स्थापित नहीं किया। लोकलाज के चलते वह सब कुछ सहती रही। एक दिन ससुरालियों ने उसे एक कमरे में बंद कर लात-घूंसों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा। आरोप है कि उन्होंने उसका गला दबाने की कोशिश की, जिससे उसका दम घुटने लगा। किसी तरह वह बच निकली और चीखने पर उसकी जान बची।
उसने तुरंत अपने पिता को फोन किया, जिसके बाद उसका भाई ससुराल पहुंचा। भाई ने घटना के बारे में बात की तो ससुरालियों ने कहा कि जब तक 50 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज में नहीं मिलेंगे, तब तक वे उसकी बहन को इसी प्रकार प्रताड़ित करते रहेंगे।
इसके बाद सभी ने उसे धक्का देकर निकाल दिया। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

