Breaking
Sat. Jul 11th, 2026

कानपुर में नशे में धुत सिपाही की वकील से भिड़ंत मामले में एक्शन, कॉन्स्टेबल हुआ सस्पेंड; झगड़े का वीडियो वायरल

कानपुर : यूपी के कानपुर में कचहरी रोड आईडी ऑफिस के पास एक कथित अधिवक्ता और पुलिस के सिपाही के बीच हुई मारपीट का मामला चर्चा का विषय बन गया। अब ये मामला केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। ऐसे में बीते गुरुवार/शुक्रवार को हुई बताई जा रही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

वकील से उलझने वाला सिपाही हुआ सस्पेंड

वीडियो के सामने आते ही कानपुर पुलिस के आला अधिकारियों ने तत्काल जांच के आदेश दिए और प्राथमिक जांच के आधार पर एक सिपाही को निलंबित कर दिया। वहीं, पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

वायरल वीडियो में होती दिखाई दी मारपीट

वायरल वीडियो में एक कथित अधिवक्ता और दो पुलिसकर्मियों के बीच सड़क पर धक्का-मुक्की और जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के वक्त मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद काफी देर तक चलता रहा और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी रही। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही कुछ लोगों ने वकीलों पर सवाल उठाना शुरू कर दिया तो वहीं कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर प्रश्न पूछे।

वीडियो में दिख रहा एक सिपाही पहले से है निलंबित

वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जॉइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर विपिन ताडा ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक्शन लिया, जिसके बाद मामले में एसीपी लाइन आनंद ओझा ने एक स्टेटमेंट जारी करके कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। एसीपी के मुताबिक, वीडियो की जांच में सामने आया कि दिखाई देने वाले दोनों पुलिसकर्मियों में से एक सिपाही पहले से ही निलंबित चल रहा था और लंबे समय से गैरहाजिर भी था।

अनुशासनहीनता और अशोभनीय आचरण के मामले में एक्शन

वहीं, दूसरे सिपाही को प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और अशोभनीय आचरण का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित सिपाही नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। मौके पर मौजूद कई लोगों ने भी पुलिसकर्मी के शराब के नशे में होने की बात कही है। हालांकि, इसकी अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।

पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। घटना के सभी वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आपराधिक पहलुओं की भी की जा रही पड़ताल

फिलहाल, पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ा रहा है। विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ आपराधिक पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। दैनिक उजाला लाइव फिलहाल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नही करता है, खबर वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पुलिस के वर्जन के आधार पर लिखी गई है ।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *