Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर हिमाचल कांग्रेस हमलावर:शोभा ओझा बोलीं, भाजपा और ट्रस्ट ने आस्था लूटी; PM की चुप्पी पर उठाए सवाल

धर्मशाला/कांगड़ा : अयोध्या के श्री राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे में कथित हेराफेरी का मामला अब देशव्यापी राजनीतिक मुद्दा बन गया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभा ओझा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मंदिर प्रबंधन ट्रस्ट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे करोड़ों सनातनियों की आस्था के साथ बड़ा विश्वासघात बताया।

धर्मशाला में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शोभा ओझा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “खुद को देश का ‘चौकीदार’ कहने वाले आज इस कथित घोटाले पर चुप क्यों हैं?” ओझा ने आरोप लगाया कि जहां भी भाजपा और उनके संगठन के लोग दोषी पाए जाते हैं, वहां शीर्ष नेतृत्व रहस्यमय तरीके से मौन धारण कर लेता है, जो अपराधियों को संरक्षण देने जैसा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि देश की गरीब महिलाओं, बुजुर्गों और आम श्रद्धालुओं ने किसी दल की तिजोरियां भरने के लिए दान नहीं दिया था। उन्होंने बताया कि माताओं-बहनों ने पवित्र भावना और अटूट आस्था के साथ अपने सोने-चांदी के गहने और यहां तक कि मंगलसूत्र तक रामलला के चरणों में समर्पित कर दिए थे।

करोड़ों हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़

ओझा के अनुसार चंदे में भी बड़ा घोटाला और गबन किया गया है, जिसे उन्होंने करोड़ों हिंदुओं के भरोसे की सरेआम लूट बताया। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी ने आंतरिक जांच और प्रशासनिक लीपापोती को सिरे से खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज की निगरानी में जांच कराने की मांग की है।

गबन की जांच उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की देखरेख में करवाएं जांच

शोभा ओझा ने मांग की कि चूंकि मामला सीधे तौर पर जनता की धार्मिक भावनाओं और करोड़ों के वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है, इसलिए इस पूरे गबन की जांच उच्चतम न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की देखरेख में निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रभु राम के नाम पर देश की धर्मप्रेमी जनता को छलने वाले दोषियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *