अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में सोमवार को 28वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 24 मेधावी छात्र-छात्राओं को 25 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया। वहीं, 774 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गईं।
इस दौरान कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में वाई-फाई और वाशिंग मशीन की सुविधा नहीं होने की बात कही। साथ ही किचन की सफाई व्यवस्था में कमी और परिसर में मेडिकल सुविधा की जरूरत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पनीर खाना अच्छी बात है। बच्चे मेस होने के बावजूद बाहर से पनीर ऑर्डर करके खाते हैं। तो गंदा पनीर न खाइए। ब्रांडेड पनीर खरीदिए। अच्छा खाइए। थोड़ा महंगा होगा, लेकिन स्वास्थ्य के लिए अच्छा होगा।
समारोह में भारत सरकार के कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

मेधावियों को स्वर्णपदक देकर राज्यपाल ने सम्मानित किया।

राज्यपाल ने बच्चियों को चॉकलेट दी।

कुलाधिपति ने कहा- बच्चों अच्छा खाइए। थोड़ा मंहगा होगा, लेकिन स्वास्थ्य तो अच्छा रहेगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दो दिवसीय अयोध्या दौरा
राज्यपाल एवं डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल दो दिवसीय अयोध्या दौरे पर रहेंगी। मंगलवार को वह अंबेडकरनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद शाम को अयोध्या पहुंचकर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में जाएंगी, जहां रात्रि विश्राम करेंगी।
बुधवार को राज्यपाल अवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उनका अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम है।

