खरगोन : मध्य प्रदेश में खरगोन जिले में श्रीखंडी से इंदौर जा रही बस मंगलवार सुबह 8.30 बजे डोंगरगांव के पास बोराड़ नदी के पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में मौके पर ही 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चालक, परिचालक और क्लीनर भी शामिल हैं। इसमें 25 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और खरगोन जिला अस्पताल लाया गया है। जानकारी के मुताबिक एमएसटी हीरामणि ट्रेवल्स की बस एमपी 10 पी 7755 ओवरलोड थी। सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर एसपी, कलेक्टर और विधायक भी पहुंच गए थे।

सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
दुर्घटना के बाद, मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिवार के सदस्यों को चार लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। राज्य सरकार ने गंभीर रूप से घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए 50,000 रुपये, जबकि घायलों को 25,000 रुपये देने की भी घोषणा की।

