देवरिया : देवरिया में गुरुवार दोपहर तिरंगा यात्रा में शामिल 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। स्कूल पहुंचते ही कई छात्राएं बेहोश हो गईं। उल्टियां होने लगीं।
आनन–फानन में उन्हें देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एक साथ इतनी छात्राओं के अस्पताल पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। बेड कम पड़ गए। कुछ छात्राओं को जमीन पर लिटाकर इलाज किया गया, जबकि एक-एक बेड पर दो-दो छात्राएं लिटाई गईं।
6 से ज्यादा डॉक्टरों की टीम छात्राओं के इलाज और निगरानी में जुटी रही। हालत में सुधार होने पर 21 छात्राओं को घर भेज दिया गया, जबकि करीब 59 छात्राएं अभी भी भर्ती हैं। सभी कस्तूरबा बालिका विद्यालय की 6 से 12वीं क्लास की छात्राएं हैं।
डॉक्टरों का कहना है बच्चियों ने कुछ खाया नहीं था। भूखे-प्यासे धूप में खड़े रहने के कारण छात्राएं सीवियर डिहाइड्रेशन का शिकार हुई हैं। फिलहाल छात्राओं की स्थिति खतरे से बाहर है।

ई-रिक्शा और दूसरे साधनों से बीमार छात्राओं को ट्रामा सेंटर लाया गया।

साथी छात्राएं और स्टाफ उन्हें सहारा देकर अस्पताल पहुंचे।

कई छात्राएं बेहोश थीं, जिन्हें गोद में उठाकर लाया गया।

एक-एक बेड पर दो-दो छात्राएं एडमिट की गईं।

बेड की कमी के चलते कई छात्राओं को जमीन पर लिटाकर इलाज किया गया।
पूरा मामला
भाजपा हर जिले में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। गुरुवार दोपहर 12 बजे पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से यात्रा शुरू हुई। लेकिन सुबह 9 बजे से ही कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं को बुला लिया गया था। यात्रा में करीब 20 स्कूलों के लगभग 2,500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इसमें देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी समेत तमाम भाजपा नेता भी शामिल हुए।
करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल सफर तय करते हुए दोपहर करीब एक बजे रवींद्र शाही स्पोट्स स्टेडियम पहुंची। यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं। भीषण गर्मी के कारण रास्ते में ही कई छात्राओं को परेशानी महसूस होने लगी थी।

दोपहर 12 बजे से डेढ़ किलोमीटर की तिरंगा यात्रा शुरू हुई थी।

यात्रा का आयोजन पीएम श्री कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की ओर से किया गया था।
स्कूल पहुंचते ही बीमार पड़ी छात्राएं
यात्रा पूरी होने के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही छात्राएं वापस स्कूल पहुंचीं। कई छात्राएं बेहोश हो गईं तो बाकी को उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने छात्राओं में डिहाइड्रेशन के लक्षण बताए हैं।
अस्पताल में भर्ती छात्राओं में रिंकी कनौजिया (18), अंजलि (15), अंकिता (14), पल्लवी (15), छाया (15), शिवानी (14), रितिका (18), रंभा (16), पल्लवी (17) और रीता (18) समेत अन्य शामिल हैं।

एसपी अभिजीत आर शंकर और अन्य अधिकारी छात्राओं का हाल जानने पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एसके मिश्रा ने बताया–

बच्चियों में डिहाइड्रेशन के लक्षण मिले हैं और सभी की निगरानी की जा रही है। ओआरएस और स्लाइन दिया जा रहा है। 6 से ज्यादा डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। फिलहाल छात्राओं की हालत खतरे से बाहर है।
एसपी भी छात्राओं का हाल जानने पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी अभिजीत आर. शंकर भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने छात्राओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

