Breaking
Sun. Aug 16th, 2026

संस्कृति विवि में देशभक्ति एवं उल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस

मथुरा : संस्कृति विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस विश्वविद्यालय के खुले मंच पर अत्यंत गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय कर्तव्यों की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डॉ. एम. बी. चेट्टी के ध्वजारोहण के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के डीन डॉ डीएस राठौर एवं रजिस्ट्रार मनीष मिश्रा के साथ कुलपति डॉ चेट्टी ने एनसीसी कैडेट्स का निरीक्षण किया तथा एनसीसी दल द्वारा उन्हें गरिमापूर्ण गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया। जैसे ही राष्ट्रीय ध्वज ने खुले आकाश में अपनी शान बिखेरी, उपस्थित सभी लोगों ने गर्व और सम्मान के साथ राष्ट्रीय गान गाया।

इस दौरान पूरा परिसर ‘जय हिंद’ और राष्ट्रप्रेम से भरे नारों से गुंजायमान हो गया। एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनुशासन, समर्पण और सैन्य भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। कैडेट्स के कदमों की एकरूपता और आत्मविश्वास ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। मार्च पास्ट ने युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

खुले मंच से निदेशक कैप्स, डॉ. राजनीश त्यागी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा को केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम न मानकर समाज और राष्ट्र के विकास से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
कुलपति डॉ. एम. बी. चेट्टी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व और उसके साथ जुड़ी जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, एकता और समर्पण के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है और युवाओं की सकारात्मक सोच एवं कर्मठता ही भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।

इस मौके पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी गईं। गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की समृद्ध संस्कृति, विविधता और राष्ट्रीय एकता का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के बीच मिठाई का वितरण किया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता के मूल्यों—एकता, अखंडता, समानता और राष्ट्रसेवा—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के संयोजन, संचालन में रजिस्ट्रार रवि त्रिवेदी, संस्कृति स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट की असिस्टेंट प्रोफेसर शुभांगी सक्सैना, डॉ दुर्गेश वाधवा, प्रशासनिक अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, सुरक्षा अधिकारी सुबोध आदि का विशेष सहयोग रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *