मथुरा : ओमेक्स के निर्माणाधीन माॅल की चौथी मंजिल पर चल रहे काम के दौरान शुक्रवार की सुबह शटरिंग अचानक टूटकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर एक मज़दूर की मृत्यु हो गई, जबकि कई घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
रुक्मिणी विहार गोल चक्कर के पास ओमेक्स माॅल का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे मजदूर चौथी मंजिल पर काम कर रहे थे, तभी अचानक शटरिंग टूटकर गिर गई। घटना के समय छह मजदूर मौजूद थे। इनमें से दो मजदूर कुछ देर पहले शौच के लिए चले गए। शटरिंग गिरने के दौरान चार मजदूर दब गए।
पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे से एक मजदूर की लाश बाहर निकाली गई। घायल 3 मजदूरों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 2 की मौत हो गई। एक का इलाज चल रहा है। मृतकों में दो पश्चिम बंगाल और एक नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है।
DM-SSP मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू की। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर दुख जताया है। अफसरों को घायलों का इलाज कराने का निर्देश दिया है। मृतकों के परिजनों से बात कर हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। हादसा थाना कोतवाली वृंदावन के रूक्मणी विहार इलाके की है।

ये तस्वीर ओमेक्स मॉल की है। यहां पर तीन साल से काम चल रहा है।

शटरिंग गिरने के बाद जमीन पर बिखरे लोहे की पाइपें और अन्य सामान।

शिवराम के शव से लिपटकर रोते हुए पत्नी और बेटी।

हादसे की सूचना पर मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस की टीम।
मृतकों में दो पश्चिम बंगाल और एक नेपाल का मजदूर
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया- ‘वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल’ की दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई का काम चल रहा था। तभी शटरिंग और ढलाई का समान भरभरा कर गिर गया। हादसे में एक सिमरी, कैलाली (नेपाल) निवासी मजदूर शिवराम (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
मलबा हटाने पर 3 मजदूर घायल हालत में मिले। उन्हें फौरन एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दो और मजदूरों रफीउल (40) और आलम( 42) की मौत हो गई। दोनों पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के रहने वाले थे। बंगाल के ही एक मजदूर दिलबार (42) का इलाज चल रहा है।

परिजन बोले- हमें न्याय चाहिए
मृतक शिवराम की भतीजी मनीषा ने बताया- मॉल में तीन साल से काम चल रहा है। शिवराम 6 अगस्त को काम पर आए थे। 7 अगस्त से काम करना शुरू किया था। आज हादसे में उनकी मौत हो गई। हम लोग न्याय मांग रहे हैं। लेकिन, हमारी सुनवाई नहीं हो रही है। हमें न्याय चाहिए।
अन्य मजदूरों ने कहा- निर्माण कंपनी की सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही की वजह से हादसा हुआ है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ओमेक्स मॉल के प्रबंधक बोले- आज चार-पांच मजदूर काम पर थे
ओमेक्स मॉल के प्रबंधक आरके जैन ने बताया- आज सुबह में छज्जा बनाते समय हादसा हुआ। वैसे तो रोज 50 मजदूर काम करते हैं, लेकिन आज सुबह में चार-पांच मजदूर ही काम पर थे। हादसे के वक्त एक मजदूर बाहर गया हुआ था। मृतक कुछ दिनों पहले ही यहां पर काम पर आए थे। हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी की जा रही है।
एक मजदूर की हालत गंभीर, आगरा रेफर
जिला संयुक्त चिकित्सालय के डॉ विनीत ने बताया- आज सुबह में दिलदार सिंह (40) नाम का एक मजदूर अस्पताल लाया गया था। उसे प्रथमिक इलाज के बाद आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

