Breaking
Thu. Aug 27th, 2026

इंदौर में कांग्रेस ने लोन पर शक्कर और पनीर बांटा:सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ; प्रदेशभर में महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

इंदौर : बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रही है। इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ता राजवाड़ा और मंगल नगर पेट्रोल पंप समेत शहर के 24 ब्लॉक में प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यकर्ता शक्कर की बढ़ती कीमत, पेट्रोल-गैस के दाम और बिजली की दरों को लेकर विरोध जता रहे हैं। आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर किया जा रहा है।

राजवाड़ा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर और पनीर बांटकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने इसे आम लोगों की बढ़ती महंगाई का प्रतीक बताया। कांग्रेस का कहना है कि शक्कर के बढ़ते दाम का असर त्योहारों के दौरान परिवारों के बजट पर पड़ेगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार आने हैं। ऐसे में महंगी शक्कर का सीधा असर आम परिवारों की रसोई पर पड़ेगा।

पेट्रोल, एथेनॉल और बिजली दरों को भी बनाया मुद्दा

कांग्रेस ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का आरोप है कि एथेनॉल मिश्रण से वाहनों का माइलेज प्रभावित होता है और वाहन चालकों का खर्च बढ़ता है। वहीं बिजली की बढ़ी दरों और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर कांग्रेस का कहना है कि इससे आम परिवारों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

प्रदेश में अब तक इन जगह पर हुए प्रदर्शन – इंदौर, मंदसौर, सेंधवा (बड़वानी), इटारसी (नर्मदापुरम)।

मंदसौर में कांग्रेस ने राहगीरों को बांटी शक्कर

मंदसौर में गुरुवार को जिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च गांधी चौराहा, जिला अस्पताल और सिद्धि विनायक हॉस्पिटल होते हुए सरदार पटेल चौराहे पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने शक्कर, पेट्रोल, E20 ईंधन, बिजली बिल और महंगे गैस सिलेंडर को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान राहगीरों को शक्कर बांटी गई। तहसीलदार के तय समय पर नहीं पहुंचने पर कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सरदार पटेल की प्रतिमा के चरणों में रख दिया। बाद में तहसीलदार प्रेम शंकर पटेल पहुंचे। विधायक विपिन जैन ने कहा कि महंगाई से आम आदमी और मध्यम वर्ग का बजट बिगड़ रहा है।

इटारसी में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राखी विक्रेताओं को बांटा हलवा

इटारसी के जयस्तंभ चौक पर नगर कांग्रेस ने गुरुवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने महंगाई पर तंज कसते हुए राखी विक्रेताओं को फीके हलवा वितरित किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर आम लोगों के साथ त्योहारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग की।

सेंधवा में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, रैली निकालकर की नारेबाजी

बड़वानी जिले के सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की वरला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम वरला तहसीलदार अजय चौहान को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई पर लगाम लगाने और आम लोगों को राहत देने की मांग की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *