Breaking
Tue. Sep 1st, 2026

जयपुर नगर निगम चुनाव में BJP का बड़ा एक्सपेरिमेंट, 8 मुस्लिम चेहरों को दिया टिकट

  • जयपुर के कुल 150 वार्डों में से बीजेपी ने 8 वार्डों में मुस्लिम कैंडिडेट को चुनाव मैदान में उतारा है, जो कुल टिकटों का लगभग 5.3 प्रतिशत हिस्सा है

जयपुर नगर निगम चुनाव में बीजेपी ने बड़ा एक्सपेरिमेंट किया है। बीजेपी ने 150 वार्डों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान करते हुए 8 मुस्लिम चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा है। यानी कुल टिकटों में मुस्लिम उम्मीदवारों की हिस्सेदारी करीब 5.3 फीसदी है। माना जा रहा है कि इसके जरिए बीजेपी मुस्लिम बहुल इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। आज यानी मंगलवार को सभी मुस्लिम उम्मीदवार अपना नामांकन करेंगे।

बीजेपी ने 51 महिलाओं को दिया टिकट

बीजेपी ने महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए करीब 35 फीसदी टिकट महिलाओं को दिए हैं। पार्टी की सूची में महिला मोर्चा से जुड़ी कार्यकर्ताओं के साथ लंबे समय से संगठन में काम कर रही महिलाओं को भी मौका मिला है। वार्ड 47 से दीपा नाथावत, वार्ड 56 से रेखा सैनी, वार्ड 107 से अनुराधा माहेश्वरी और वार्ड 123 से पूनम मेहता को उम्मीदवार बनाया गया है।

बीजेपी की सूची में सबसे चर्चित नाम कांग्रेस की पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल का है। पार्टी ने उन्हें वार्ड 110 से टिकट दिया है। ज्योति खंडेलवाल जयपुर नगर निगम की महापौर रह चुकी हैं और लंबे समय तक कांग्रेस में सक्रिय रही हैं। अब बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने से वार्ड 110 का मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

किन 8 मुस्लिम उम्मीदवारों पर बीजेपी का दांव?

बीजेपी ने मुस्लिम बहुल और कांग्रेस के प्रभाव वाले इलाकों में भी मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। पार्टी ने कुल 8 मुस्लिम नेताओं को पार्षद का टिकट दिया है। इनमें वार्ड 19 से शहनवाज अंसारी, वार्ड 109 से जाकिर खान कायमखानी, वार्ड 113 से फरीदुद्दीन ‘जैकी’, वार्ड 117 से शब्बो जहां, वार्ड 128 से माजिद पठान, वार्ड 136 से मिजाना मिर्जा, वार्ड 137 से रहीस मंसूरी और वार्ड 146 से अफसाना शामिल हैं।

इनमें वार्ड 19 का मुकाबला खास माना जा रहा है। सामान्य सीट होने के बावजूद बीजेपी ने यहां मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट दिया है। इसे पार्टी की वार्डवार सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस ने टिकट वितरण में अपने संगठन को प्राथमिकता दी है। पार्टी की सूची में संगठन के कई पदाधिकारियों और मौजूदा पार्षदों को जगह दी गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *