बिश्केक : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की गई एक ग्रुप फोटो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, SCO समिट के दौरान ली गई ग्रुप फोटो को एडिट करके प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटा दी गई है।
यह तस्वीर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में थी। इसमें सदस्य देशों के नेता एक मंच पर खड़े नजर आ रहे हैं। मूल तस्वीर में मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ दोनों दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एडिटेड तस्वीर में मोदी, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान समेत 5 नेताओं को हटा दिया गया है।
भारतीय प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी SCO समिट का ग्रुप फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसमें शहबाज शरीफ नजर आ रहे हैं।
एडिटेड फोटो

मूल तस्वीर में 12 लोग थे, जबकि एडिटेड तस्वीर में 7 लोग ही बचे।
5 नेताओं को फोटो से हटाया गया
- SCO महासचिव नूरलान यरमेकबायेव
- बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको,
- भारत के प्रधानमंत्री मोदी
- ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान
- कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट तोकायेव

पीएम मोदी मंगलवार सुबह बिश्केक में SCO समिट में शामिल होने के लिए पहुंचे।

बैठक से पहले पीएम मोदी की पुतिन और जिनपिंग से मुलाकात हुई। मोदी ने दोनों नेताओं से एक साथ हाथ मिलाया।

SCO समिट से पहले PM मोदी और किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव की मुलाकात हुई।

फोटो सेशन के दौरान जिनपिंग और पुतिन साथ नजर आए।
बैठक तय नहीं थी, फिर भी मिले मोदी-जिनपिंग
किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अचानक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत की। दोनों के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक पहले से तय नहीं थी।
इस दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी दोनों नेताओं के साथ नजर आए। SCO समिट में अपने संबोधन के दौरान PM मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ एकजुट कार्रवाई की जरूरत बताई।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरा रवैया नहीं होना चाहिए। उन्होंने आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने पर जोर दिया।
आतंकवाद को जड़ से खत्म करना जरूरी
सिर्फ आतंकियों को पकड़ना या मारना काफी नहीं है। उन्हें पैसा कौन देता है, भर्ती कैसे होती है और कहां छिपते हैं, इस पूरे नेटवर्क को खत्म करना होगा।
आतंकवाद पर सब देश एक साथ रहें
कुछ देशों के लिए आतंकवाद गलत और कुछ के लिए सही नहीं हो सकता। सभी को आतंकवाद के खिलाफ एक जैसी सख्त नीति अपनानी होगी।
जंग का समाधान बातचीत से निकले
पश्चिम एशिया में जंग का असर दूर-दूर तक पहुंचता है। देशों के बीच विवाद होने पर युद्ध करने के बजाय बातचीत और कूटनीति से रास्ता निकालना चाहिए।
SCO संस्कृति और विचारों को जोड़ने का मंच
मोदी ने कहा कि भारत के लिए SCO अलग-अलग देशों की सभ्यता, संस्कृति और विचारों को जोड़ने वाला मंच भी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिश्केक में SCO समिट को संबोधित किया।
पुतिन ने सेकेंड वर्ल्ड वॉर की याद दिलाई
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने द्वितीय विश्व युद्ध शुरू होने के 87 साल पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसी वैश्विक उकसावे वाली घटनाएं नहीं होनी चाहिए, जो नए युद्ध को जन्म दें।
पुतिन ने कहा कि देशों को मिलकर काम करना होगा, ताकि दुनिया में नए संघर्षों को भड़कने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि मौजूदा सहयोग और प्रयास इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेंगे।

