रायबरेली : रायबरेली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जनता दरबार लगाया। बुधवार सुबह से ही भुएमऊ गेस्ट हाउस पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहुल से मिलने के लिए लोगों की लंबी लाइन दिखाई दी। सुरक्षा के लिहाज से एक-एक करके लोगों को अंदर एंट्री दी जा रही है।
कांग्रेस सांसद से मुलाकात के बाद रायबरेली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने बताया कि उन्होंने राहुल को राखी बांधी और टीका लगाया। साथ ही 2029 में उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने राहुल से कहा- “हमें बस थोड़ी मेहनत और करनी है।”
अपने 2 दिवसीय यूपी दौरे के आखिरी दिन राहुल सांसद निधि से 3 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे वह बचत भवन में ‘दिशा’ (DISHA) की बैठक में शामिल होंगे।
इससे पहले, सोमवार को राहुल दिल्ली से एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1717 से लखनऊ पहुंचे। पहले प्रयास में फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी और विमान को ‘गो-अराउंड’ कराना पड़ा। लगभग 25 मिनट हवा में चक्कर लगाने के बाद दूसरे प्रयास में सफल लैंडिंग हुई।
फिर राहुल सड़क मार्ग से रायबरेली पहुंचे। रात उन्होंने सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने सोने-चांदी की बिक्री 50% तक घटने की बात कही। राहुल ने जवाब दिया कि वह सोने-चांदी पर बढ़े GST का मुद्दा संसद में उठाएंगे।
2024 में सांसद बनने के बाद राहुल का रायबरेली में यह 8वां दौरा है। इससे पहले वे 19-20 मई को 2 दिन के यूपी दौरे पर आए थे।

राहुल गांधी शाम 6 बजे रायबरेली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

राहुल गांधी प्रभु टाउन में सर्राफा व्यापारी फाना त्रिवेदी के घर पहुंचे और व्यापारियों के साथ बैठक की।
राम मोहन बोले- ट्रांसपोर्ट नगर बनाने के लिए 28 ज्ञापन दे चुका, सांसद ने दिया आश्वासन
रायबरेली मोटर ट्रांसपोर्ट के अध्यक्ष राम मोहन श्रीवास्तव उर्फ रामु दादा ने राहुल गांधी से मुलाकात करते हुए जनपद में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि हम बड़े वाहन चालक भारी समस्या का सामना कर रहे हैं। आए दिन वाहनों का चालान कर दिया जाता है। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें ट्रांसपोर्ट नगर बनाने का आश्वासन दिया है।
राहुल से मिले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संघटन के अध्यक्ष
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संघटन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा ने राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश भर के स्वतंत्रता संग्राम में शहीदो के कुर्बानियों को जीवंत करने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मुंशीगंज शहीद स्मारक के सौंदर्यकरण कार्य जो अधूरा है उसे अति शीघ्र पूरा करवाने की मांग की है।
रायबरेली महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी को राखी बांधी, टीका लगाया
रायबरेली में शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी को मैंने राखी बांधी है, टीका लगाया है। आने वाले 2029 में उन्हें प्रधानमंत्री बनाने की संकल्प लिया है। हमने उनसे कहा है कि थोड़ी से मेहनत और करने की जरूरत है, सारे कार्यकर्ता पूरे जोश खरोश से राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए जुटे हैं।

