जयपुर : जयपुर के करधनी इलाके में गुरुवार रात पति ने पत्नी और 3 बेटियों की हत्या कर दी। चारों की सिर पर पत्थर और मुंह पर वार कर हत्या की गई है। हत्या के बाद खून को कपड़ों से साफ किया गया l
DCP वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि सुबह 10 बजे सूचना मिली कि गोविंद वाटिका प्लॉट नंबर- ए-169 में राहुल झा ने पत्नी गीता झा, बेटी नंदनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) की हत्या की।
शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि रात को सोते समय युवक ने पत्नी और बेटियों को मौत के घाट उतारा।
पुलिस को हत्या में काम लिया पत्थर भी मिल गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुबह 7 बजे दूध वाले से दूध भी लिया था। इसके बाद बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा को चाय पिलाई। फिर फरार हुआ।
शेयर मार्केट का काम करता था राहुल
पड़ोसियों के मुताबिक राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता है। गीता झा मकान में ही पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थी। तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थी। नंदिनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट जॉब कर रही थी। राहुल तीन दिन पहले ही गुजरात जाकर लौटा था। पड़ोसी महिला ने बताया कि राहुल ने तीन दिन पहले मुझसे 50 हजार रुपए उधार मांगे थे, मैंने 25 हजार रुपए दिए थे।


चार लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

हत्या की सूचना के बाद आस-पास भीड़ इकट्ठा हो गई।

वह मकान, जिसमें मां और तीन बेटियों की हत्या की गई।
रिश्तेदार और पड़ोसियों की भीड़ लगी
वारदात का पता लगते ही रिश्तेदार और पड़ोसियों की भीड़ लग गई। पुलिस ने घेरांबदी कर दी। ताकि कोई अंदर न जा सकें।
आरोपी के भाई-भतीजे बोले- कोई विवाद नहीं था
आरोपी के भाई संजय कुमार झा और उनके भतीजे राज ने बताया कि पति-पत्नी में कोई विवाद नहीं था। तीन दिन पहले ही घर आए थे। तब सभी ने साथ बैठकर खाना खाया था। किसी तरह का विवाद उस वक्त भी महसूस नहीं हुआ था।
पिता को चाय पिलाकर फरार हुआ आरोपी
वारदात के दौरान घर में आरोपी, उसकी पत्नी, 3 बेटियां और पिता लक्ष्मीनाथ झा थे। सुबह उठकर आरोपी ने अपने पिता को चाय पिलाई थी। पिता का कहना है कि इसके बाद वह तैयार होकर चला गया था। तब से वापस नहीं आया। फोटो में आरोपी के पिता के साथ भतीजी सिमरन झा नजर आ रही है।

