दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली 3 वनडे और 5 टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को बरकरार रखा गया है। शुभमन गिल कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान होंगे। रवींद्र जडेजा की आठ महीने बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना पिछला वनडे जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
बुधवार को हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत को वनडे टीम में जगह नहीं मिली। पंत अब रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते नजर आएंगे। हार्दिक भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए की वनडे सीरीज में वापसी कर सकते हैं।
टी-20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी टीम में बरकरार हैं। पेसर मयंक यादव और प्रिंस यादव को भी टी-20 टीम में जगह मिली है।
2 महीने बाद फिर मैदान में दिखेंगे रोहित-कोहली
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेली थी। उस सीरीज के तीसरे मुकाबले में रोहित ने लॉर्ड्स में शतक लगाया था। विराट ने दूसरे वनडे में 65 और तीसरे वनडे में 74 रन बनाए थे। तीन मैचों में उनके नाम 144 रन रहे।
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान/विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकीब नबी, यशस्वी जायसवाल और नमन धीर।
भारत की टी-20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।
नमन धीर-आकीब नबी को मौका
नमन मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। वे इससे पहले घरेलू क्रिकेट और IPL में खेल चुके हैं। 2026 में उन्हें भारत ए की वनडे टीम में भी चुना गया था।
नबी ने पिछले घरेलू सीजन में जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने 2025-26 रणजी सीजन में 60 विकेट लिए थे। इससे पहले वे भारत ए के लिए भी खेल चुके हैं।
दिलचस्प बात यह है कि नबी को इससे पहले अफगानिस्तान टेस्ट के दौरान भारतीय टीम के साथ नेट बॉलर के तौर पर भी जोड़ा गया था।

नमन धीर मुंबई इंडियंस के लिए IPL खेलते हैं।
हार्दिक IPL के बाद से एक भी मैच नहीं खेले
हार्दिक पंड्या को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम में नहीं चुना गया है। हार्दिक फिटनेस समस्या के कारण IPL 2026 के बाद से क्रिकेट से बाहर हैं। अब उनकी वापसी भारत ए की ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से प्रस्तावित है। BCCI ने उनके नाम के आगे फिटनेस क्लीयरेंस की शर्त रखी है। ये मैच 6, 9 और 11 अक्टूबर को पुडुचेरी में होने हैं।
नीतीश रेड्डी एशियन गेम्स से हटे, वनडे में आए
स्क्वॉड में एक अहम बदलाव नीतीश कुमार रेड्डी को लेकर है। नीतीश पहले 2026 एशियन गेम्स के लिए चुनी गई भारतीय टीम का हिस्सा थे। लेकिन अब उन्हें एशियन गेम्स टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे के लिए भेजा गया है। BCCI ने इसकी पुष्टि की है। टीम में विप्रज निगम को शामिल किया गया है, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन के कारण बाहर हो गए हैं।
विप्रज के लिए यह सीनियर इंटरनेशनल टीम में पहला कॉल-अप है। उन्होंने 2026 में इंडिया ए की श्रीलंका वनडे ट्राई सीरीज में पांच मैचों में सात विकेट लिए थे।
मयंक यादव की टी-20 टीम में वापसी
तेज गेंदबाज मयंक यादव को भी टी-20 टीम में जगह मिली है। चोट से वापसी के बाद उन्होंने जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली थी। पहले मुकाबले में उन्होंने दो विकेट लिए थे। तीसरे मैच में उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए थे।
वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा टी-20 टीम में नहीं
वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा दोनों इस टी-20 टीम में नहीं हैं। वरुण को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 के दौरान साइड स्ट्रेन हुआ था। इसके बाद उन्हें जापान टी-20 और एशियन गेम्स से भी बाहर कर दिया गया। उ
ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम भी घोषित
रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी ऋषभ पंत करेंगे, जबकि सरफराज खान उपकप्तान हैं। टीम में सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल, आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय और आयुष दोसजा शामिल हैं। आकाश दीप का चयन फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन है।
जापान और एशियन गेम्स वाली टीम भी बदली
वेस्टइंडीज के वनडे चयन के साथ ही BCCI ने जापान के खिलाफ 22 सितंबर के एकमात्र टी-20 और एशियन गेम्स की टीम में भी बदलाव किया है।
अपडेटेड टीम में श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर और विप्रज निगम हैं।

