Breaking
Fri. Sep 18th, 2026

वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग-XI में क्यों नहीं, गंभीर ने दिया जवाब:बोले- उम्र 15 हो या 30 साल, मौके का इंतजार करना पड़ेगा

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका क्यों नहीं मिला। हेड कोच गौतम गंभीर ने गुरुवार को इस सवाल का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की उम्र 15 हो या 30 साल, अगर उसे मौके का इंतजार करना है तो इंतजार करना होगा। गंभीर ने कहा, ‘वैभव के साथ बातचीत स्पष्ट थी कि उसे मौके का इंतजार करना होगा। जब मौका मिलेगा, तो लगातार मिलेगा।

गंभीर ने कहा कि हम जानते हैं कि उसमें किस तरह की प्रतिभा है और वह क्या कर सकता है। लेकिन जो खिलाड़ी दो साल से लगातार अच्छा खेल रहा है, वह उस खिलाड़ी से आगे रहेगा जो टीम में नया आया है।

वैभव ने इंग्लैंड में डेब्यू किया था

वैभव सूर्यवंशी ने कुछ महीने पहले इंग्लैंड में पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला था। उन्होंने तीन मैचों में 42 रन बनाए। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में 151 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे।

संजू को बाहर करना सबसे मुश्किल फैसला था

गंभीर ने संजू सैमसन को फिर से मौका देने के फैसले पर कहा कि वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाला खिलाड़ी अचानक खराब नहीं हो जाता। उन्हें इंग्लैंड सीरीज से बाहर रखना मेरे कोचिंग कार्यकाल का शायद सबसे मुश्किल फैसला था।

वर्ल्ड कप की ओपनिंग जोड़ी के साथ जाना चाहते थे

गंभीर ने कहा कि इस सीरीज में वह वर्ल्ड कप 2026 वाली ओपनिंग जोड़ी के साथ जाना चाहते थे। इसीलिए अभिषेक और संजू सैमसन की सभी मैचों में बरकरार रखा। दोनों ने तीन मैचों में मिलकर 346 रन बनाए। भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे टी20 में 127 रन से हराकर सीरीज 3-0 से जीती।

गंभीर बोले- पंड्या 10 ओवर गेंदबाजी के लिए तैयार नहीं

हार्दिक पंड्या की फिटनेस से जुड़े सवाल पर गंभीर ने कहा कि वे अभी वनडे में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए उनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी में जल्दबाजी नहीं की जाएगी।

हार्दिक फिट होंगे तो नीतीश के साथ खेल सकते हैं

गंभीर ने कहा, ‘पंड्या जब फिट होंगे, तो उनके और नीतीश दोनों के खेलने की संभावना है।’ इससे टीम को बल्लेबाजी में अतिरिक्त गहराई के साथ गेंदबाजी में भी एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है।

इंडिया-ए टीम में नाम, फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार

हार्दिक को पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि, इस सीरीज में उनका खेलना बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से मिलने वाली अंतिम फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है।

अभिषेक ने 34 गेंद में 108 रन बनाए

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 में अभिषेक शर्मा ने 34 गेंद में 108 रन की पारी खेली। उन्होंने 30 गेंद में शतक पूरा किया। उन्होंने तीन मैचों की सीरीज में 229 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 269.41 रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *