- सामाजिक सरोकारों से जुड़े नवाचारों को प्रोत्साहन, विजेता टीमों को पुरस्कार राशि वितरित
दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर स्पार्कल तथा इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के संयुक्त सहयोग से ‘सेवा फर्स्ट: ब्रज इनोवेशन चैलेंज 2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 27 टीमों के 125 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 70 से अधिक विद्यार्थी बीएसए कॉलेज, जीएल बजाज, जीडी गोयनका सहित विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से शामिल हुए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, रचनात्मक चिंतन, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने की भावना को प्रोत्साहित करना था। विजेता टीमों को कुल ₹22,500 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। निर्णायक मंडल में एल्कोमोटिव इंडिया के संस्थापक आशीष कुलश्रेष्ठ, ग्रेविटी सस्टेन टेक प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हेमंत राजपूत, इकोसिस्टम एनेबलर एवं स्टार्टअप सलाहकार इंदु रानी तथा स्वश लीगल कंसल्टेंट्स की संस्थापक भारती जैन शामिल रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के विचारों और नवाचारों का मूल्यांकन करते हुए उन्हें व्यावहारिक स्वरूप देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के कुलपति एवं टीबीआई के मुख्य संरक्षक प्रो. अनूप गुप्ता ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमशीलता की दिशा में आगे बढ़ते हुए वास्तविक जीवन की समस्याओं के प्रभावी एवं व्यावहारिक समाधान विकसित करने चाहिए। सामाजिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए नवाचार समाज के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन एवं मूल्यांकन सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर, दो अलग-अलग श्रेणियों में किया गया। सॉफ्टवेयर श्रेणी में बीएसए कॉलेज की टीम वेरिटस ने प्रथम तथा जीएल बजाज, मथुरा की टीम नेक्सोवेट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, हार्डवेयर श्रेणी में जीएलए विश्वविद्यालय की टीम लिकेज़न ने प्रथम स्थान हासिल किया। जीडी गोयनका, आगरा की टीम ने द्वितीय तथा जीएलए विश्वविद्यालय की टीम दक्ष डायनामिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों ने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच, समस्या-समाधान क्षमता और नवोन्मेषी दृष्टिकोण का प्रदर्शन किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए टीबीआई के हेड वाइस प्रेसिडेंट रवि तिवारी ने बताया कि ‘सेवा फर्स्ट: ब्रज इनोवेशन चैलेंज 2026’ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता को मंच प्रदान करने और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को नए विचार विकसित करने के साथ-साथ उन्हें समाज के लिए उपयोगी समाधान में बदलने के लिए प्रेरित करते हैं। नवाचार की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज तक पहुंचे और वह जनकल्याण में योगदान दे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टीबीआई टीम के सदस्यों आदित्य सरीन, दीपक शर्मा, जितेंद्र शर्मा एवं सौरभ तिवारी के साथ इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) की स्टूडेंट काउंसिल का विशेष सहयोग रहा।
जीएलए द्वारा गोद लिए स्कूलों में आयोजित हुआ इनोवेशन डे
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए उच्च प्राथमिक विद्यालय, आझई खुर्द में ‘इनोवेशन डे 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जीएलए के विद्यार्थियों ने विद्यालय के बच्चों के साथ मिलकर आठ अलग-अलग विषयों पर नवाचार आधारित प्रोजेक्ट तैयार किए और उनका प्रदर्शन किया। प्रोजेक्ट्स में जल संरक्षण, हरित नवाचार, अपशिष्ट प्रबंधन, ग्रामीण एवं कृषि नवाचार, ऊर्जा संरक्षण, स्मार्ट विद्यालय, सुरक्षा एवं मुक्त नवाचार जैसे विषय शामिल रहे। विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग से विभिन्न समस्याओं की पहचान की और उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं प्रोजेक्ट निर्णायक के रूप में जीएलए विश्वविद्यालय के कंप्यूटर इंजीनियरिंग एवं एप्लीकेशंस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. जुगिंदर पाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नए विचारों पर काम करने, टीमवर्क के माध्यम से सीखने और अपने विचारों को प्रोजेक्ट के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के अध्यापकों, जीएलए विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों तथा स्कूल प्रोजेक्ट के डिप्टी मैनेजर राहुल अरोरा का विशेष योगदान रहा।

