प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात की। दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध के ताजा हालात और भारत-यूक्रेन के रिश्तों पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने मोदी को युद्ध से जुड़े हालिया घटनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान मोदी ने कहा कि जंग का हल बातचीत से निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शांति की हर कोशिश में भारत साथ है।
मोदी बोले- जंग खत्म करने में भारत मदद को तैयार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत इस युद्ध को इंसानियत के नजरिए से देखता है। मोदी ने कहा कि भारत युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिशों में मदद करने के लिए तैयार है।
भारत लगातार रूस और यूक्रेन से बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील करता रहा है। मोदी पहले भी कई बार कह चुके हैं कि यह युद्ध का दौर नहीं है और किसी भी विवाद को बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए।
क्यों अहम है मोदी और जेलेंस्की की बातचीत
यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की कोशिशें फिर तेज हो रही हैं। अमेरिका, यूरोप और रूस के बीच इस मुद्दे पर लगातार बातचीत और बयानबाजी चल रही है।
ऐसे में जेलेंस्की का मोदी से बात करना अहम है। भारत के रूस और यूक्रेन, दोनों देशों से अच्छे रिश्ते हैं। मोदी पिछले चार साल से दोनों देशों के नेताओं के संपर्क में हैं। वह कभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से तो कभी जेलेंस्की से बात करते रहे हैं।
भारत का रुख शुरू से यही रहा है कि युद्ध का कोई सैन्य समाधान नहीं है। दोनों देशों को बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाना चाहिए। मोदी ने सितंबर 2022 में पुतिन से मुलाकात के दौरान भी कहा था कि यह युद्ध का दौर नहीं है।
जेलेंस्की पहले भी मोदी से मांग चुके हैं भारत का साथ
26 फरवरी 2022: रूस के हमले के तुरंत बाद जेलेंस्की ने मोदी को फोन कर संयुक्त राष्ट्र (UN) में राजनीतिक समर्थन मांगा था।
26 दिसंबर 2022: फोन पर बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने अपना 10 सूत्रीय शांति प्रस्ताव लागू कराने में भारत की मदद मांगी थी।
20 मई 2023: जापान के हिरोशिमा में G7 समिट में मोदी और जेलेंस्की की युद्ध के बाद पहली व्यक्तिगत मुलाकात हुई थी। जेलेंस्की ने शांति वार्ता में भारत के शामिल होने का न्योता दिया था।
20 मार्च 2024: जेलेंस्की ने पीएम मोदी को फोन किया। उन्होंने यूक्रेन की ‘क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता’ का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।

