नई दिल्ली : दुनियाभर में हर साल लाखों लोगों की जान लेने वाली कैंसर, अल्जाइमर और दिल की बीमारियां अगले 10 साल में खत्म हो जाएंगी। यह दावा AI चैटबॉट क्लॉड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई ने किया है।
अमोदेई ने कहा, ‘AI की मदद से अगले एक दशक में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां इतिहास बन जाएंगी। अगर हमने AI का सही इस्तेमाल किया, तो इंसान ऐसी समस्याओं का हल निकाल सकेगा, जिनसे वह हजारों साल से जूझ रहा है।’ हालांकि, फार्मा कंपनियों और वैज्ञानिकों ने इस दावे को बकवास बताया है।
अमोदेई के अलावा एलन मस्क और गूगल के AI प्रमुख डेमिस हासबिस भी मानते हैं कि AI मेडिकल फील्ड में बड़ा बदलाव ला सकता है। हासबिस का दावा है कि AI की मदद से दवाओं की खोज में लगने वाला 10 साल का काम कुछ हफ्तों में हो सकता है।
उन्होंने गूगल के AI टूल ‘अल्फाफोल्ड’ का उदाहरण दिया, जिसने 20 करोड़ से ज्यादा प्रोटीन की संरचनाओं का पता लगाया है। इससे नई दवाओं पर रिसर्च करना आसान हुआ है।
फार्मा कंपनियों और साइंटिस्ट्स ने दावों को बकवास बताया
दवा बनाने वाली बड़ी फार्मा कंपनियों और वैज्ञानिकों का सोचना इससे बिल्कुल अलग है। दिग्गज कंपनी ‘वर्टेक्स फार्मास्युटिकल्स’ के प्रमुख जेफ लेडन ने इन दावों को ‘बकवास’ बताया है।
उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने 50 से ज्यादा AI कंपनियों को आजमाया, लेकिन कोई भी अपने दम पर एक भी काम की दवा नहीं बना पाई।
फार्मा एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंप्यूटर पर दवा का फॉर्मूला ढूंढना तो बस शुरुआत है। इसके बाद लैब में टेस्ट, जानवरों और इंसानों पर ट्रायल्स जैसे लंबे चरणों से गुजरना पड़ता है, जिसमें 10 से 12 साल का समय लगता है और AI इस लंबी कानूनी व वैज्ञानिक प्रक्रिया को रातों-रात खत्म नहीं कर सकता।
अभी तक AI की बनाई एक भी दवा बाजार में पास नहीं हुई
वैज्ञानिक गैरी मार्कस और डॉ. एरिक टोपोल जैसे एक्सपर्ट्स का कहना है कि आज का AI इंसानी शरीर और बीमारियों की बारीकियों को पूरी तरह नहीं समझता।
आंकड़ों के मुताबिक, साल 2026 तक भी AI की बनाई एक भी दवा को पूरी तरह से मार्केट में आने की मंजूरी नहीं मिली है।
जानकारों का यह भी कहना है कि 1970 के दशक में भी कैंसर को लेकर ऐसे ही बड़े-बड़े दावे किए गए थे जो सच साबित नहीं हुए थे। इसलिए, हवा में तारीखें बताकर आम जनता को झूठी उम्मीदें नहीं देनी चाहिए।
दुनियाभर में हर साल केंसर के 2.06 करोड़ मामले सामने आते हैं
दुनियाभर में हर साल करीब 2.06 करोड़ नए कैंसर के मामले सामने आते हैं और लगभग 98 लाख लोगों की इस बीमारी से मौत हो जाती है।
WHO की कैंसर एजेंसी IARC के GLOBOCAN 2024 के अनुमान के मुताबिक, दुनिया में हर 5 में से 1 व्यक्ति को जीवनकाल में कैंसर होने का खतरा है।
सबसे ज्यादा पाए जाने वाले कैंसर में फेफड़ों, स्तन और कोलोरेक्टल (आंत) का कैंसर शामिल है। अनुमान है कि 2050 तक हर साल नए कैंसर मरीजों की संख्या बढ़कर 3.44 करोड़ हो सकती है।
अगले हफ्ते आ सकता है एंथ्रोपिक का IPO
एआई कंपनी एंथ्रोपिक अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी का शुरुआती IPO 18 नवंबर 2026 को आने की संभावना है। इसके शेयरों की खरीद-बिक्री 19 नवंबर से शुरू हो सकती है।
हालांकि, इन तारीखों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कंपनी एक शेयर की कीमत 70 से 78 डॉलर (करीब 6,500 से 7,200 रुपए) रखने की तैयारी में है।
इसके जरिए करीब 64.4 अरब डॉलर (लगभग 6.12 लाख करोड़ रुपए) जुटाने का लक्ष्य है। कंपनी का शेयर अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक में ‘एएनटी’ नाम से सूचीबद्ध हो सकता है।

