Breaking
Thu. Nov 12th, 2026

मोदी बोले- न्यूज की तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी:दिवाली मिलन समारोह में कहा- CM बना तो मुझसे पहले मीडिया को पता था

नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि न्यूजरूम में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता।

मोदी ने कहा कि भूकंप हो या बाढ़, जब लोग जान बचाकर भाग रहे होते हैं, तब रिपोर्टर अपनी जान जोखिम में डालकर और परिवार की चिंता छोड़कर खबर की कवरेज करते हैं। न्यूज की दुनिया में डेडलाइन सबसे जरूरी होती है। उसी तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी होती है।

मोदी ने कहा- मैं 11 अशोका रोड पर पड़ा रहता था। एक दिन पत्रकार अचानक मेरे कमरे में आ गए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में मेरा गला पकड़ लिया और कहा कि मिठाई खिलाओ। मैंने पूछा कि किस बात की मिठाई खिलाऊं, तो उन्होंने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मुझे खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था।

पत्रकारों के साथ पुराने रिश्ते और मीडिया में बदलाव

फैक्स से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मीडिया का स्वरूप बदल चुका है। पहले खबरों की कवरेज ओबी वैन से होती थी, अब मोबाइल ही ओबी वैन बन गया है। 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर पत्रकारों को उनसे पहले मिल गई थी। पत्रकारों ने उन्हें मिठाई खिलाने को कहा। कई पत्रकार अपने खर्चे पर शपथ ग्रहण समारोह में भी पहुंचे थे।

पत्रकारों के समर्पण और जज्बे की तारीफ

भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं में जब लोग जान बचाकर भागते हैं, तब पत्रकार जोखिम उठाकर घटनास्थल पर पहुंचते हैं। मुश्किल हालात में परिवार की चिंता छोड़कर खबर पहुंचाने वाले पत्रकारों का समर्पण सराहनीय है।

डेडलाइन और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

पत्रकारिता में डेडलाइन से काम की प्राथमिकताएं तय होती हैं और रफ्तार बढ़ती है। देश के सामने भी 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की डेडलाइन है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए छोटे-बड़े चरणों में काम करना होगा, 2047 तक इंतजार नहीं करना है।

भारत की उपलब्धियां

भारत दुनिया के बड़े मोबाइल फोन निर्माता देशों में शामिल है। चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल बना है। भारत ने दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में जगह बनाई है और सबसे बड़ा UPI सिस्टम तैयार किया है।

4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान, 3 करोड़ लखपति दीदियां और 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाने जैसे लक्ष्य हासिल किए गए हैं। देश का रेल नेटवर्क पूरी तरह इलेक्ट्रिफाई हो चुका है।

दुनिया तक पहुंचाएं भारत की सफलता की कहानियां

21वीं सदी में कम्युनिकेशन सबसे बड़ी ताकत है। भारत के पास सस्ता डेटा और दुनिया को सुनाने के लिए उपलब्धियों की कई कहानियां हैं। मीडिया भारतीय प्रतिभाओं, सफलताओं और प्रेरणादायक लोगों को अधिक जगह दे। देश की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाना भी देश सेवा का माध्यम है।

नशे के खिलाफ जागरूकता और सामाजिक सद्भाव पर जोर

मीडिया युवाओं को नशे की लत से बचाने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने में भूमिका निभाए। स्वच्छता, डीपफेक, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव जैसे मुद्दों को भी मीडिया डिबेट में जगह दी जाए।







Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *