- यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में बैठकों का दौर जारी है, दिल्ली में सीएम योगी की अमित शाह के साथ बैठक हुई है
यूपी चुनाव से पहले बीजेपी के टॉप लीडर्स इनदिनों जबरदस्त एक्शन में हैं। यूपी से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर चल रहा है और फोकस में मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि है। इस चुनाव में बीजेपी इसी थीम को लेकर आगे बढ़ रही है। तभी तो पहले मथुरा में बीजेपी का चिंतन शिविर हुआ और फिर वहीं से सीएम योगी दिल्ली पहुंचे और एक-एक कर पार्टी अध्यक्ष और फिर अमित शाह के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
सीएम योगी और अमित शाह की बैठक
यूपी चुनाव पर मथुरा से लेकर दिल्ली तक चिंतन और मंथन चल रहा है। इस चिंतन-मंथन में कॉमन चेहरा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ हैं जो मंगलवार को मथुरा में बीजेपी की चिंतन बैठक में भी शामिल थे और फिर वहां से करीब 182 किलोमीटर दूर दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंथन में भी मौजूद रहे। दिल्ली पहुंचते ही सीएम योगी सबसे पहले पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। इसके बाद सीएम योगी अपने दिल्ली प्रवास के दौरान सीधे गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे। दोनों के बीच करीब 1 घंटे तक बैठक चली। खास बात ये है कि इस बैठक में योगी और शाह के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद थे।
क्या था बैठक का मकसद?
मीटिंग के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर जानकारी देते हुए लिखा- “आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की, अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार।” दिल्ली में इन मीटिंग्स की डिटेल तो अभी सामने नहीं आई है लेकिन माना जा रहा है कि बैठक का फोकस यूपी चुनाव ही था। इन मुलाकातों को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। यह भी माना जा रहा है कि इस मुलाकात में मथुरा में आयोजित दो दिवसीय बीजेपी के चिंतन शिविर में निकला निचोड़ और प्रदेश इकाई के फीडबैक को सीएम योगी ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा है।
मथुरा के चिंतन में क्या हुआ?
इससे पहले मथुरा में बीजेपी की दो दिन की बड़ी मीटिंग खत्म हुई, जहां बीजेपी के नेता राधे राधे का जाप करते दिखे। दो दिन की चिंतन बैठक खत्म होने के बाद बीजेपी के नेताओं ने फिर नारा लगाया कि अयोध्या काशी के बाद अब मथुरा की बारी है। कृष्ण की नगरी में योगी आदित्यनाथ और नितिन नवीन ने बीजेपी के नेताओं को विधानसभा चुनाव की रणनीति समझाई, उन्हें बताया कि बीजेपी कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, योगी सरकार के काम, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं को घर घर जाना है, पिछले दस साल में यूपी कितना बदला, योगी ने क्या क्या काम किए ये बताना है।
इसके बाद बीजेपी के नेता ‘राधे राधे कमल खिला दे’ का नारा लगाते हुए मीटिंग से बाहर निकले। डिप्टी चीफ मिनिस्टर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी, ये तो तय है। अखिलेश यादव को सैफई तक अपनी साइकल पहुंचानी है, तो एक ही रास्ता है, मथुरा आएं और कृष्ण जन्मभूमि के मुक्ति यज्ञ में सनातनियों का साथ दें।

