- पंजाब के मोहाली में एक ट्रक ड्राइवर की बंपर लॉटरी लग गई है, ड्राइवर ने लॉटरी में 12 करोड़ रुपये जीते हैं, ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह ने कहा है कि वह लगातार 15 साल से लॉटरी का टिकट खरीद रहे थे
पंजाब के मोहाली जिले के रहने वाले ट्रक ड्राइवर की किस्मत चमक उठी है। ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह ने 12 करोड़ रुपये की लौटरी जीत ली है। उन्होंने साल 2026 का पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार अपने नाम कर लिया है। जानकारी के अनुसार, बलजिंदर सिंह बीते 15 साल से लगातार हर त्योहार में लॉटरी टिकट खरीद रहे थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई है।
12 करोड़ रुपये मिले
मोहाली के ट्रक चालक बलजिंदर सिंह ने पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार जीत लिया है और उन्हें 12 करोड़ रुपये मिले हैं। बलजिंदर मोहाली के डेरा बस्सी इलाके के हमयुनपुर गांव के रहने वाले हैं। इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने के बाद ट्रक चालक बलजिंदर सिंह ने कहा कि वह बेहद भाग्यशाली है कि लॉटरी की मदद से अमीर बनने का उसका लंबे समय से संजोया सपना आखिरकार सच हो गया है।
मुझे हमेशा से उम्मीद थी- बलजिंदर
बलजिंदर सिंह दो बच्चों के पिता हैं। वह 15 साल से ज्यादा समय से लॉटरी का टिकट खरीद रहे थे लेकिन उन्होंने इसके बारे में कभी भी अपने परिजनों को नहीं बताया था। बलजिंदर सिंह ने कहा- “मैं 2010 से त्योहारों पर लॉटरी खरीदता आ रहा हूं। मुझे हमेशा से उम्मीद थी कि एक दिन भगवान मेरी प्रार्थना सुनेंगे और मैं लॉटरी जीतूंगा।” बलजिंदर को मिली इस जीत की खबर फैलते ही उनके गांव में जश्न का माहौल छा गया है। स्थानीय लोग उनके घर पर पहुंच रहे हैं और उनके परिवार को बधाई दे रहे हैं और मिठाई बांट रहे हैं।
संगरूर में भी शख्स ने 1 करोड़ जीते
आपको बता दें कि लॉटरी विभाग ने 16 नवंबर को ‘पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर 2026’ का ड्रॉ निकाला था। इससे पहले खबर आई थी कि पंजाब के संगरूर में एक शख्स ने एक करोड़ रुपये की लॉटरी जीती थी। हालांकि, कई दिनों की तलाश के बाद भी विजेता शख्स की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। दुकानदार की ओर से अपील की गई है कि जिन लोगों ने संगरूर बस स्टैंड के पास इस लॉटरी स्टॉल से टिकट खरीदी थी, वे अपनी टिकट जरूर चेक करें। हो सकता है कि 1 करोड़ रुपये की यह टिकट उन्हीं में से किसी के हाथ में हो।

