- मांट शाखा गंगा नहर से चार जिलों के किसानों को मिलेगी राहत, 594 किलोमीटर से अधिक लंबाई की नहरों और माइनरों की सफाई में जुटा सिंचाई विभाग
दैनिक उजाला, मथुरा : रबी की फसल की सिंचाई के लिए किसानों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। नहरों में पानी पहुंचाने की तैयारी तेज हो गई है। सिंचाई विभाग की ओर से निचली मांट शाखा गंगा नहर खंड के अंतर्गत आने वाली नहरों और माइनरों में सिल्ट सफाई का कार्य कराया जा रहा है। विभाग ने नवंबर के अंतिम सप्ताह में मांट शाखा नहर का संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके बाद रोस्टर के अनुसार नहरों में पानी छोड़ा जाएगा, जिससे किसानों को अपनी रबी की फसल की सिंचाई के लिए पानी मिल सकेगा।
मांट शाखा गंगा नहर खंड के अंतर्गत किलोमीटर 52.800 से 128.800 तक कुल 76 किलोमीटर लंबी मुख्य नहर आती है। इस खंड में 13 राजवाहे हैं, जिनकी कुल लंबाई 311 किलोमीटर है। वहीं 50 माइनर की लंबाई 288.600 किलोमीटर है। इस प्रकार कुल 594.360 किलोमीटर लंबाई की नहरों के माध्यम से अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आगरा जनपद के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। वर्तमान में रबी 1434 फसल के लिए सभी नहरों पर सिल्ट सफाई का कार्य विभागीय मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता यूके सोनकर ने बताया कि किसानों को समय से सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विभागीय मानकों के अनुसार सफाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सफाई कार्य पूरा कर नहरों का संचालन शुरू कराया जाए, जिससे किसानों को रबी की फसल की सिंचाई में परेशानी न हो।
अधीक्षण अभियंता आलोक चतुर्वेदी ने बताया कि नहरों की सिल्ट सफाई के साथ-साथ पुल-पुलियों की रंगाई-पुताई भी कराई जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्वक पूरा कराया जा रहा है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में मांट शाखा नहर का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी नहरों को संचालित कर किसानों को सिंचाई के लिए जल उपलब्ध कराया जाएगा।
नहरों की सफाई पूरी होने और पानी का संचालन शुरू होने से चार जनपदों के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जो रबी की फसल की सिंचाई के लिए नहरों पर निर्भर रहते हैं। अब विभाग की तैयारी है कि तय समय पर नहरों में पानी पहुंचाकर खेतों तक सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
