चेन्नई : परिसीमन बिल के सपोर्ट का ऐलान कर चुकी DMK और NCP (SP) को कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेता अपने खेमे में लाने की कोशिश में जुटे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन से मिलने चेन्नई पहुंच चुके हैं। स्टालिन से मुलाकात के बाद सभी रात को मुंबई में शरद पवार से मिलेंगे।
इसके बारे में जानकारी देते हुए राहुल ने X पर लिखा- हम तमिलनाडु के पूर्व सीएम स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। 850 सीटों तक बढ़ाने से भारत में डेमोक्रेसी खत्म हो जाएगी। इसके जवाब में स्टालिन ने लिखा कि हमने हमेशा तमिल लोगों के हितों को सबसे पहले ध्यान में रखते हुए हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे।
स्टालिन की पार्टी DMK ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बिल के समर्थन का ऐलान किया था। वहीं शुक्रवार को NCP (SP) के विधायक ने कहा था कि शरद पवार बिल के समर्थन को तैयार हैं।
वहीं, समाजवादी पार्टी ने परिसीमन बिल के विरोध का ऐलान किया है। पार्टी ने अपने सांसदों को व्हिप जारी करके कहा- बिल पर चर्चा के दौरान सदन में रहें और इसका विरोध करें। सपा के लोकसभा में 37 सांसद हैं।
चिदंबरम बोले- परिसीमन कोई छोटा एडजस्टमेंट नहीं
कांग्रेस नेता चिदंबरम ने कहा- एक बार जब वे लोकसभा की संख्या 543 से बढ़ाकर 815 कर देंगे, तो डिलिमिटेशन कमीशन को चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं के साथ खेलने की पूरी छूट मिल जाएगी। यह कोई छोटा एडजस्टमेंट नहीं है। यह पूरी तरह से नया चुनाव है।
चेन्नई जा रहे नेताओं में कांग्रेस के 3 सीएम
स्टालिन और पवार से मिलने जा रहे INDIA ब्लॉक के नेताओं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी शामिल हैं।
इसके अलावा अभिषेक बनर्जी (TMC), एम.ए. बेबी (CPM) , रेवंत रेड्डी (कांग्रेस), डीके शिवकुमार (कांग्रेस), वीडी सतीशन (कांग्रेस), राजीव राय (सपा), कपिल सिब्बल और प्रणव झा भी शामिल हैं।

