Breaking
Sun. Nov 29th, 2026

हसीना बोलीं- आजादी के बिना पाकिस्तानी जूतों तले होता बांग्लादेश:आज रहमान सरकार अत्याचार कर रही, स्वतंत्रता सेनानी को मारकर पेड़ पर लटकाया गया

ढाका : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा कि अगर बांग्लादेश को आजादी नहीं मिली होती तो देश आज भी पाकिस्तानी सेना के जूतों तले दबा होता। तब किसी के प्रधानमंत्री बनने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

हसीना ने बांग्लादेश की मौजूदा तारिक रहमान सरकार पर अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने मयमनसिंह जिले में 1971 के स्वतंत्रता सेनानी शेख हुसैन अली की हत्या का मुद्दा उठाया। कहा कि हुसैन की हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया था।

शेख हसीना ने ये बातें अवामी लीग के एक ऑनलाइन कार्यक्रम में कहीं। इसमें उन्होंने राजनीतिक हिंसा के दौरान मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों की भी बात की।

जेल में बंद लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया

शेख हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिरासत में रखे गए लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें दवाएं और इलाज तक नहीं दिया जा रहा। कई लोगों की जेल में मौत हो गई लेकिन उनके परिवारों को इसकी जानकारी भी नहीं दी गई।

शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी के ऐलान के बाद से PM रहमान की पार्टी BNP और हसीना की पार्टी अवामी लीग के बीच तनाव बढ़ गया है। दोनों दलों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं। हाल के दिनों में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों और दुकानों को भी निशाना बनाया गया है।

हसीना ने पिता मुजीब उर रहमान को भी याद किया

हसीना ने अपने पिता शेख मुजीब उर रहमान को याद किया। हसीना ने कहा कि उनके पिता ने बांग्लादेश को आजादी दिलाने के लिए संघर्ष किया। अगर वे जिंदा रहते, तो देश आजादी के 10 साल के भीतर दुनिया के विकसित देशों में शामिल हो सकता था। हसीना ने कहा कि उनकी हत्या से बांग्लादेश के विकास का सपना अधूरा रह गया।

शेख मुजीब उर रहमान को बांग्लादेश का संस्थापक कहा जाता है। उन्होंने पाकिस्तान से अलग बांग्लादेश बनाने की लड़ाई का नेतृत्व किया और 1971 में आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री बने। 1975 में सैन्य तख्तापलट के दौरान उनके घर में उनकी और परिवार के कई सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।

शेख मुजीब उर रहमान 1973 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए।

शेख मुजीब उर रहमान 1973 में चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए।

शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पहली बार अपनी वापसी की तारीख बताई है। वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बताया कि हसीना सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से दिल्ली से ढाका लौटना चाहती हैं।

16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए लड़ने वाले लोगों का संगठन था।

5 अगस्त 2024 को देश छोड़कर भारत आई थीं

बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था।

छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे।

शेख हसीना का यह फुटेज हेलिकॉप्टर में बैठने से पहले का है। छात्र आंदोलन बढ़ने पर वे 5 अगस्त को बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं थीं।

शेख हसीना का यह फुटेज हेलिकॉप्टर में बैठने से पहले का है। छात्र आंदोलन बढ़ने पर वे 5 अगस्त को बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं थीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *