नई दिल्ली : पहलवान मामला धीरे-धीरे एक बड़ा जनअंदोलन बनता नजर आ रहा है। मुजफ्फरनगर के सोरम में हुई खाप महापंचायत के बाद आज कुरुक्षेत्र में खाप महापंचायत हो रही है। यह पर तय हुआ है कि, सरकार से न्याय लेने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। और फिर धीरे-धीरे पार्टी में इलाकाई भाजपा कार्यकर्ताओं में भी विरोध के सुर उत्पन्न हो रहे हैं। दूसरी तरफ विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बनाता जा रहा है। आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 में यह मुद्दा एक बड़ा संकट बन सकता है। यह देखकर भाजपा आलाकमान एक्शन में आ गया है!
बताया जा रहा है कि 5 जून को होने वाली जन चेतना महारैली अयोध्या चलो को रद करना इस ही कड़ी का ही हिस्सा है। साथ ही भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को यह निर्देश दिया गया है कि, अनावश्यक बयानबाजी से बचें। सूत्रों की मानें तो हाईकमान के निर्देश पर ही बृजभूषण शरण सिंह ने 5 जून को होने वाली प्रस्तावित रैली रद्द की है। यह जन चेतना महारैली अयोध्या के रामकथा पार्क में होनी थी। अयोध्या जिला प्रशासन ने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को यहां पांच जून को रैली करने की अनुमति नहीं दी है।
मुझ पर लगाए झूठे आरोप : बृजभूषण शरण सिंह
भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा कि पुलिस जांच के चलते इस रैली को फिलहाल के लिए स्थगित किया जा रहा है। बृजभूषण शरण सिंह ने फेसबुक पर लिखा, मेरे प्रिय शुभचिंतकों! आपके समर्थन के साथ पिछले 28 वर्षों से लोकसभा के सदस्य के रूप में सेवा की है। मैंने सत्ता और विपक्ष में रहते हुए सभी जातियों, समुदायों और धर्मों के लोगों को एकजुट करने का प्रयास किया है। इन्हीं कारणों से मेरे राजनीतिक विरोधियों और उनकी पार्टियों ने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं।

