Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

मुंबई-आगरा हाईवे पर भीषण हादसा, होटल में घुसा बेकाबू कंटेनर, 12 लोगों की मौत, 15 घायल

मुंबई : महाराष्ट्र में एक बार फिर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। शनिवार को बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास समृद्धि हाईवे पर एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 25 लोगों की जलकर मौत हो गई। इस घटना से पूरा महाराष्ट्र हिल गया। लोग अभी इस हादसे को भूले भी नहीं थे कि धुले में मुंबई-आगरा हाईवे पर एक और भयानक हादसा हो गया। जिसमें 12 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है।

मिली जानकारी के मुताबिक, धुले जिले के शिरपुर तालुका के पलासनेर गांव के पास मंगलवार को एक बेकाबू कंटेनर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान कंटेनर एक होटल में जा घुसा और पलट गया। हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 15 से 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के बाद तेज रफ्तार कंटेनर कई वाहनों से टकराया और एक होटल में घुस गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही हैं। हादसा आज दोपहर 12 बजे के करीब मुंबई-आगरा हाईवे पर पलासनेर बाईपास पर हुआ। मध्य प्रदेश से धुले की ओर आ रहे 14 पहिया कंटेनर का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिसके बाद चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस-प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद है।

हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर सड़क किनारे एक होटल में घुस गया और दूसरी तरफ से बाहर निकला। कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू किया। उधर, हादसे की खबर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *