नई दिल्ली : भारत के उत्तर-पूर्वी राज्य मणिपुर में 3 मई से जातीय हिंसा जारी है। कुकी और मेतैइ समुदाय के बीच शुरू हुई जातीय हिंसा सरकार के लाख कोशिशों के बावजूद कम होने का नाम नहीं ले रही। इस बीच ओलंपिक चैंपियन मीराबाई चानू ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से गुहार लगाई है। बता दें कि इस वक्त चानू अमरीका में है। उन्होंने सोशल मिडिया पर 1 मिनट 10 सेकेंड एक का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में मीराबाई चानू कह रही है कि मणिपुर के लोगों को बचा लो। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मणिपुर में शांति बहाल करने की गुहार लगाई है। सोशल मीडिया के हर प्लेटफार्म पर मीराबाई चानू का यह वीडियो वायरल हो रहा है।
मीराबाई चानू ने वीडियो शेयर किया और कहा- मणिपुर में पिछले तीन महीने से जो लड़ाई चल रही है वह अभी तक रुकी नहीं है। इस लड़ाई की वजह से कई खिलाड़ी ट्रेनिंग नहीं कर पा रहे हैं। वहीं छात्रों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। कई लोगों की जान जा चुकी है, कई के घर जल चुके हैं। मणिपुर में मेरा घर है लेकिन मैं अभी अमेरिका में हूं जहां मैं आने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स की तैयारी कर रही हूं।
मीराबाई चानू इस वीडियो में बोल रही हैं कि मैं भले ही मणिपुर में नहीं हूं, लेकिन देखतीं हूं और सोचती हूं कि आखिर कब खत्म होगी यह लड़ाई। मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अपील करती हूं कि इस लड़ाई को जल्दी से जल्दी शांत करें और मणिपुर की जनता को बचा लीजिए और मणिपुर में पहले जैसी शांति बहाल कीजिए। इस वीडियो को जमकर शेयर किया जा रहा है, लोग मीराबाई चानू की इस मांग पर अपनी राय भी रख रहे हैं।

