Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

टमाटर ने बिगाड़ा जायका, जुलाई में 34% महंगी हुई वेज थाली

दैनिक उजाला, बिज़नेस डेस्क : टमाटर की कीमतों में लगी आग ने जायका के साथ-साथ रसोई का बजट भी पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। टमाटर की ‘लाली’ से एक महीने में वेज थाली 34 फीसदी महंगी हो गई है। क्रिसिल द्वारा सोमवार को जारी फूड प्लेट कॉस्ट के मासिक इंडिकेटर के अनुसार, भारत में वेज थाली की कीमत जून की तुलना में जुलाई में 34 फीसदी बढ़ गई। इसका 25 फीसदी कारण टमाटर की महंगाई को माना जा सकता है। जून में 33 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर जुलाई में टमाटर की कीमत 233 फीसदी बढ़कर 110 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

यह लगातार तीसरी बार है, जब वेज थाली की कीमतें क्रमिक रूप (मासिक आधार पर) से बढ़ी हैं। 2023-24 में, यह पहली बार है कि वेज थाली की कीमत सालाना आधार (YoY) पर बढ़ी है। नॉनवेज थाली की कीमत भी बढ़ी है। मासिक आधार पर नॉन वेज थाली 13 फीसदी महंगी हुई है।

क्रिसिल उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत में प्रचलित इनपुट कीमतों के आधार पर घर पर थाली तैयार करने की औसत लागत की गणना करता है। मासिक बदलाव से आम आदमी के खर्च पर असर दिखता है। डेटा से अनाज, दालें, ब्रॉयलर, सब्जियां, मसाले, खाद्य तेल और रसोई गैस सहित उन सामग्रियों का भी पता चलता है, जो थाली की कीमत में बदलाव लाते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *