- होली के सुअवसर पर दाऊजी व माता रेवती के दर्शन कर धन्य हुए श्रद्धालु
दैनिक उजाला, मथुरा/बलदेव : ब्रज में होली की धूम अपने चरम पर है। मंदिरों में अबीर गुलाल उड़ रहा है, तो प्रभु भी अपने भक्तों के साथ होली खेलने से दूर नहीं है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु भक्ति भाव में विभोर होकर मंदिर में जमकर थिरक रहे हैं।
ऐसा ही कुछ नजाजा बलदेव के दाऊजी मंदिर में होली पूर्णिमा के अवसर पर सुबह 4 बजे से देखा गया। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं ने मंदिर के पट खुलने से पहले ही ब्रज के राजा के तीन द्वारों को घेर कर रखा था। होड़ थी, ब्रजराज के पहले दर्शन पाने के लिए।
ठीक सुबह 4 बजे करीब दर्शन खुलते ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपने आराध्य के दर्शन पाने को भक्तों की भीड़ का नजारा घंटों देखा गया। भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने भी मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को संभाला।
माखन मिश्री का भोग लगाने की होड़
ब्रज के राजा दाऊजी महाराज व माता रेवती को माखन मिश्री का भोग लगाने के लिए भक्तों की लंबी कतार मंदिर परिसर में देखी गयी। सुबह से अब तक करीब 10 कुंटल मिश्री का भोग दाऊजी महाराज को लग चुका है।
भजन-कीर्तन का आनंद ले रहे श्रद्धालु
होली के सुअवसर पर श्रद्धालु दर्शन कर आनंदित हो रहे थे, तो परिसर में भक्तों की टोली भगवान के भजनों पर थिरक रही थी। अन्य श्रद्धालु भी इसी टोली में भाव विभोर होकर थिरकने को मजबूर हो गए।
मंदिर की छतों पर भक्तों का रेला
दाऊजी महाराज के दर्शन करने के बाद भक्त ब्रज के राजा की परिक्रमा लगा रहे हैं। मंदिर की छतों पर चारों तरफ भक्तों का रेला है। झूम-झूम कर और ताली बजाते हुए भक्त दाऊजी महाराज के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा लगा रहे हैं।