नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी पर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को गिराने को गंभीर आरोप लगा है। यह आरोप आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने लगाया है।
शनिवार को राघव चड्ढा ने आप मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉफ्रेंस में बीजेपी पर कई हमले किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में ‘नो कॉन्फिडेंस मोशन’ लाकर केजरीवाल सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा गया। चड्ढा ने कहा कि दिल्ली सरकार को गिराने के लिए भाजपा ने ‘आप’ विधायकों को दो विकल्प दिए हैं। पहला बीजेपी में आ जाओ या दूसरा ईडी-सीबीआई जेल में डाल देगी। ‘आप’ के पास 62 और बीजेपी के पास 8 विधायक हैं। लेकिन बीजेपी विधायक खरीदकर सरकार गिराना चाहती है। उन्होंने मनीष सिसोदिया के साथ हो रहे बर्ताव को लेकर भी बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सिसोदिया का ये हाल तो तुम्हारा क्या करेंगे-
राघव चड्ढा के मुताबिक विधायकों को धमकी मिल रही है कि अगर मनीष सिसोदिया का ये हाल कर सकते हैं फिर तुम तो सिर्फ विधायक हो। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एमपी से लेकर महाराष्ट्र तक सरकारें गिराई हैं। उसी तरह ‘आप’ विधायकों को डराकर केजरीवाल सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी आंदोलन की कोख से जन्मी है। बीजेपी अपनी नापाक कोशिशें बंद कर दे।

