Breaking
Sat. Aug 15th, 2026

16 अगस्त के बाद नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, कनेक्शन एक्टिव रखने के लिए e-KYC कराना अनिवार्य

  • घरेलू एलपीजी उपभोक्ता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से ई-केवाईसी करा सकते हैं

घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की आखिरी तारीख अब काफी नजदीक आ गई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है और इसकी आखिरी तारीख 16 अगस्त, 2026 है। अगर आपने 16 अगस्त तक अपने एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए ई-केवाईसी नहीं कराया तो आपको गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा। इसके साथ ही, एलपीजी सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ भी बंद हो जाएगा।

सभी ग्राहकों के लिए जरूरी है ई-केवाईसी 

गैस कनेक्शन के लिए ई-केवाईसी कराना सभी पुराने और नए उपभोक्ताओं के लिए जरूरी है। हालांकि, जिन उपभोक्ताओं ने अभी हाल-फिलहाल में ही ई-केवाईसी कराया है, उन्हें अब दोबारा ई-केवाईसी कराने की जरूरत नहीं है। ये उन उपभोक्ताओं के लिए बहुत ज्यादा जरूरी है, जिन्होंने लंबे समय से ई-केवाईसी नहीं कराया था। ये ई-केवाईसी इंडेन, भारत गैस और एचपी तीनों कंपनियों के ग्राहकों के लिए है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों के लिए भी ई-केवाईसी कराना जरूरी है।

कहां कराएं ई-केवाईसी

घरेलू एलपीजी उपभोक्ता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से ई-केवाईसी करा सकते हैं। ऑफलाइन ई-केवाईसी के लिए आपको अपनी गैस एजेंसी के ऑफिस जाना होगा, जहां आपको जरूरी दस्तावेज जैसे- आधार, पैन, फोटो आदि देना होगा। इसके अलावा, आप कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए भी ई-केवाईसी आसानी से मिनटों में करा सकते हैं। बताते चलें कि ऑनलाइन ई-केवाईसी के लिए फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए प्रोसेस पूरा होता है।

  1. इंडेन ग्राहक इंडेन ऑयल वन ऐप के जरिए ई-केवाईसी कर सकते हैं।
  2. भारत गैस के उपभोक्ता हैलो बीपीसीएल ऐप पर ई-केवाईसी कर सकते हैं।
  3. एचपी गैस के ग्राहक एचपी पे ऐप पर ई-केवाईसी कर सकते हैं।

नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर

अगर किसी ग्राहक को ऑनलाइन ई-केवाईसी करने में किसी भी तरह की समस्या आ रही है तो आप अपने एजेंसी ऑफिस में संपर्क कर सकते हैं। बताते चलें कि एलपीजी उपभोक्ताओं को ये प्रोसेस जल्द से जल्द पूरा करना होगा। अगर आप डेडलाइन के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराते हैं तो आपको एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलेगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ भी नहीं मिलेगा।

घबराने जैसी कोई बात नहीं

अगर किसी वजह से आप तय समय के भीतर ई-केवाईसी नहीं करा पाते हैं तो इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं है, आप 16 तारीख के बाद भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। बस, आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि बिना ई-केवाईसी के आपको गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा। ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको गैस सिलेंडर मिलना शुरू हो जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *