दैनिक उजाला, नई दिल्ली : भारत समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। सोमवार 31 मार्च की तारीख को सुबह से ही लोग मस्जिदों में इबादत करने के लिए रहे हैं। आइए जानते हैं कि भारत की राजधानी दिल्ली से लेकर मुंबई समेत देश के विभिन्न शहरों में लोग ईद मना रहे हैं और खुशियां बांट रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
ईद के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- “ईद-उल-फित्र के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाईयों और बहनों को बधाई। यह त्योहार भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है तथा करुणा-भाव और दान की प्रवृत्ति को अपनाने का संदेश देता है। मैं कामना करती हूं कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए तथा सबके दिलों में नेकी के रास्ते पर आगे बढ़ने के जज़्बे को मजबूत बनाए।”
मुरादाबाद में लोगों की पुलिस से बहस
यूपी के मुरादाबाद ईदगाह में नमाज अदा करने से रोकने पर लोगों की पुलिस से बहस हो गई। पुलिस ने नमाजियों को ईदगाह में जाने से रोक दिया क्योंकि अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बाद फिर से नमाज अदा की गई।
मुरादाबाद में स्थिति नियंत्रण में है
यूपी के मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा- “सभी जगह नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई है। पिछले 5-6 दिनों से तैयारियां चल रही थीं। नमाज अदा होने के बाद कुछ लोग ईदगाह में नमाज अदा करना चाहते थे। इमाम से उनकी बातचीत हुई और अब वे फिर से शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।”
ईद पर कोई कटु बात या गलत काम नहीं होना चाहिए- नकवी
ईद-उल-फितर के मौके पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, “मैं सभी देशवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हर जगह ईद बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस ईद पर कोई कटु बात या गलत काम नहीं होना चाहिए।”
हिंदुओं ने मुस्लिमों पर पुष्प वर्षा की
राजस्थान के जयपुर में हिंदू मुस्लिम एकता समिति के बैनर तले दिल्ली रोड स्थित ईदगाह में ईद-उल-फितर मनाने आए मुस्लिमों पर हिंदुओं ने पुष्प वर्षा की।
दिल्ली में सुरक्षा के सभी इंतजाम
ईद-उल-फितर के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर डीसीपी सेंट्रल दिल्ली एम हर्षवर्धन ने कहा, “आज मस्जिदों में भारी भीड़ देखी गई। सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं। अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है। हमने पर्याप्त बल तैनात किए हैं… नवरात्रि के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। सेंट्रल दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में भारी भीड़ देखी गई है…”
अयोध्या में पैदल गश्त कर रहे पुलिसकर्मी
आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार कहते हैं- “हम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं। नवरात्रि भी चल रही है और हम सभी के संपर्क में हैं। हम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क हैं, हमारे सभी अधिकारी जमीन पर हैं।”
CM योगी ने दी ईद की बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद की बधाई दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने X पर लिखा- ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद-उल-फित्र का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है। खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है।’’
बंगाल में दंगे भड़काने के लिए उकसावे की कोशिशें जारी- ममता बनर्जी
कोलकाता में ईद की नमाज के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने कहा- “बंगाल में दंगे भड़काने के लिए उकसावे की कोशिशें की जा रही हैं, इन जाल में न फंसें। बंगाल सरकार अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी है, कोई भी राज्य में तनाव नहीं भड़का सकता।”
PM मोदी ने दी ईद की बधाई
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद की बधाई दी। उन्होंने लिखा- “ईद-उल-फ़ितर पर शुभकामनाएँ। यह त्यौहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले। ईद मुबारक!”
दो शिफ्ट में पढ़ी गई ईद की नमाज
सड़क पर नमाज ना पढ़ी जाए इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारी पूरी ब्यवस्था पर नजर बनाये थे। कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज नहीं पड़ेगा। वह ईदगाह के अंदर पढ़ेगा। ईदगाह पर भारी संख्या में पुलिस लगाई गई थी। प्रशासन की सख्ती के बाद इस बार नमाज को दो शिफ्ट में भी किया गया था। पहले नमाज 6:45 पर तो दूसरी नमाज 7:30 पर पढ़ाई गई। शहर मुफ्ती अब्दुल हमीद ने नमाजियों को नमाज पढ़ाई और उन्होंने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। ईदगाह पर एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी मृगांक पाठक,सीओ सिटी सहित आरएएफ और पुलिस फोर्स को लगाया गया था।
अलीगढ़ में कड़ी सुरक्षा में नमाज
अलीगढ में शाहजमाल स्थित बड़ी ईदगाह पर ईद की नमाज अदा की गई। इसके अलावा ऊपर कोट जामा मस्जिद, एएमयू सहित दूसरी अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। कुछ लोगों ने काली पट्टी भी बांध रखी थी। उनका कहना था कि दुनिया मे मुसलमान पर जो जुल्म हो रहा है उसको लेकर वह काली पट्टी बांधे हुए हैं। ईद की नमाज को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन ने खास इंतजाम किए थे।
लोगों ने बांह पर काली पट्टी बांधी
मध्य प्रदेश के भोपाल में ईद के अवसर पर ईदगाह मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए पहुंचे लोगों ने बांह पर काली पट्टी बांधी हुई है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे आज वक्फ (संशोधन) विधेयक के विरोध में बांह पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा करें।
आज का दिन सभी के लिए शुभ है- इकबाल अंसारी
अयोध्या, उत्तर प्रदेश: बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि मामले में पूर्व वादी इकबाल अंसारी ने कहा, “आज दिन ईद का है और इसे ईद मिलन कहा जाता है… ईद का त्योहार हिंदू और मुसलमान दोनों ही एक साथ खुशियां मानते हैं। आज का दिन सभी के लिए शुभ है, हिंदुओं के लिए भी क्योंकि नवरात्रि भी चल रही है….कहीं कोई भेदभाव नहीं है….