तेहरान : न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर ईरान सरकार प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करती है तो ट्रम्प सैन्य कदम उठाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति ने अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है। ट्रम्प ने शनिवार को सोशल मीडिया पर लिखा, “ईरान आजादी की ओर देख रहा है, जो पहले कभी नहीं हुआ। अमेरिका मदद के लिए तैयार है।”
दूसरी तरफ टाइम मैगजीन ने तेहरान के एक डॉक्टर के हवाले से दावा किया है कि राजधानी के सिर्फ छह अस्पतालों में कम से कम 217 प्रदर्शनकारियों की मौत दर्ज की गई है, जिनमें ज्यादातर की मौत गोली लगने से हुई हैं।
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक अब तक 2600 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

राजधानी तेहरान में शनिवार को जारी प्रदर्शनों के बीच बिजली सप्लाई रोक दी गई है। इस दौरान प्रदर्शनकारी मोबाइल फ्लैश जलाकर नारे लगाते दिखे।

ईरानी सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की। (तस्वीर क्रेडिट- मसीह अलाइनजाद)

प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को तेहरान की अल-रसूल मस्जिद में आग लगा दी। (तस्वीर क्रेडिट- मसीह अलाइनजाद)

तस्वीर ईरान में जारी प्रदर्शन में मारे गए लोगों के शवों की है। (इमेज क्रेडिट- मसीह अलाइनजाद)
ईरान पर हमले की आशंका को लेकर इजराइल हाई अलर्ट पर
ईरान पर अमेरिकी हमले की आशंका लेकर इजराइल हाई अलर्ट पर है। रॉयटर्स ने इजराइली सूत्रों के हवाले से बताया है कि, हालात को देखते हुए इजराइली सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बढ़ाए हुए हैं।
इजराइल और ईरान जून में 12 दिन की जंग लड़ चुके हैं, जिसमें अमेरिका ने इजराइल के साथ मिलकर हवाई हमले किए थे। शनिवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच फोन पर बातचीत हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक इस बातचीत में ईरान में अमेरिकी दखल की संभावना पर चर्चा हुई। अमेरिकी अधिकारी ने कॉल की पुष्टि की, लेकिन बातचीत के मुद्दों का खुलासा नहीं किया।
ईरान की अमेरिका और इजराइल को धमकी
ईरान ने अमेरिका की संभावित सैन्य कार्रवाई पर तीखी चेतावनी जारी की है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर कलीबाफ ने कहा है कि अगर प्रदर्शनकारियों को लेकर अमेरिका ने ईरान पर हमला किया, तो अमेरिकी सेना और इजराइल दोनों ईरान के निशाने पर होंगे।
यह पहला मौका है जब ईरानी नेतृत्व की ओर से संभावित जवाबी कार्रवाई में इजराइल को भी सीधे तौर पर निशाना बनाए जाने की बात कही गई है।

