वाराणसी : काशी विश्वनाथ मंदिर में अब मंगला समेत सभी आरतियों के दाम बढ़ गए हैं। टिकटों की बढ़ी दरें एक मार्च से लागू होंगी। वाराणसी के मंडलायुक्त सभागार में काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की 104वीं बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसमें टिकट के दाम बढ़ाने पर मुहर लगाई गई। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए टिकट के दाम बढ़ाए गए हैं।
दर्शनार्थियों की परेशानी का मुद्दा भी उठाया
मंदिर न्यास के सदस्यों ने मैदागिन और गोदौलिया पर वाहनों को रोक दिए जाने के कारण दर्शनार्थियों को होने वाली असुविधा का मुद्दा उठाया। साथ ही कहा कि मंदिर की ओर से पहल करते हुए ई-रिक्शे का इंतजाम कराया जा सकता है। न्यास के सदस्य सहित सभी अधिकारियों ने इसका भौतिक सत्यापन करने को कहा। इस काम में नगर निगम या फिर यातायात विभाग की मदद ली जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत मंगला आरती के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपये देने होंगे। सप्तऋषि, श्रृंगार, भोग और मध्याह्न भोग आरती के टिकट 300 रुपये में मिलेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मैदागिन और गोदौलिया से मंदिर तक ई रिक्शा चलाने का भी निर्णय लिया गया। अब मंगला आरती का टिकट 350 की जगह 500, सप्तऋषि आरती, श्रृंगार भोग आरती, मध्याह्न भोग आरती का टिकट 180 की जगह 300 रुपये में मिलेगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने वर्ष 2022-23 के लिए कुल 105 करोड़ आय और 40 करोड़ के खर्च का लक्ष्य रखा। पिछली बैठक की अनुपालन आख्या भी पेश की।

