कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। उसने धारदार हथियार से पति के सीने से लेकर प्राइवेट पार्ट तक एक फीट से ज्यादा लंबा कट लगाया।
महिला ने उसकी आंतें निकालकर प्लास्टिक की बोरी में भरकर रख दीं। महिला जिस वक्त वारदात को अंजाम दे रही थी, उसी वक्त मकान मालिक आ गया। उसे देखकर महिला छत से कूद गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शनिवार की है। रविवार को हादसे से जुड़ी फोटो सामने आई हैं।

मृतक राजेश (40) के शव के पास लाल घेरे में रखी प्लास्टिक की बोरी में उसकी आंतों को रखा गया था।
पोस्टमॉर्टम में यह भी सामने आया कि मृतक के शरीर में करीब आधा लीवर और दाईं किडनी गायब थी। पुलिस अब हत्या की वजह के साथ शरीर से अंग गायब होने के मामले की भी जांच कर रही है। यह बात भी सामने आई है कि महिला झाड़-फूंक करती थी।

महिला विमला को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक साल से किराए के मकान में रह रहा
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश (40) के रूप में हुई है। वह पिछले एक साल से कुरुक्षेत्र में पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास मकान में पत्नी विमला देवी के साथ किराए पर रहता था। वह पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करता था।
मकान मालिक बोला- बोरी में आंतें डालते हुए देखा
मकान मालिक रिंकू ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे उसे कमरे से राजेश और विमला के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह छत पर पहुंचा तो राजेश खून से लथपथ पड़ा था और उसके पेट पर गहरे घाव थे। उसने देखा कि राजेश के पेट से बाहर निकली आंतों को विमला एक बोरी में डाल रही थी।
रिंकू ने बताया कि उसे देखकर विमला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई। गिरने से वह घायल हो गई। पुलिस टीम को मौके से छोटे-बड़े तीन चाकू मिले हैं।
शादी के बाद संतान नहीं थी
मकान मालिक के अनुसार, विमला झाड़-फूंक भी करती थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी को कई साल हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

रिंकू के मकान के बाहर खड़ी एम्बुलेंस और डायल 112 की गाड़ी।
फोरेंसिक एक्सपर्ट बोले- 37 सेंटीमीटर लंबा घाव था
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि जब शव उनके पास आया तो उसमें आधा लीवर और एक किडनी नहीं थी। मृतक के पेट पर 37 सेंटीमीटर लंबा और गहरा चीरा लगा हुआ था। चीरे से आंतें बाहर निकली हुई थीं। मृतक का आधा लीवर और एक किडनी कहां है, इसे बरामद करने की जिम्मेदारी पुलिस की है।

