रोहतक : हरियाणा के रोहतक की संजय कॉलोनी में देर रात इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू कलह के चलते आपस में हो रही कहासुनी के बीच एक युवक ने अपना सारा गुस्सा सड़क पर खड़ी मासूम बच्ची पर निकाल दिया।
युवक ने न सिर्फ बच्ची को बेरहमी से थप्पड़ मारे, बल्कि उसे हवा में उठाकर सीधे सड़क पर पटक दिया। लहूलुहान हालत में बच्ची को एक महिला ने संभाला और तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। यह मामला संजय कॉलोनी का बताया गया है। वीडियो में दिखाई रहा है कि व्यक्ति बच्ची के साथ बेरहमी के साथ मारपीट कर रहा है।
उधर, पुलिस ने इस मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। कहना है कि किसी की शिकायत नहीं आई है। फिर भी वीडियो के आधार पर युवक का पता लगाया जा रहा है।

युवक झगड़ा करने के बाद तमतमाता हुआ आया और आते ही सड़क पर खड़ी बच्ची को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।

संजय कॉलोनी में बच्ची को थप्पड़ मारने के बाद बच्ची को उठाकर पटकर दिया।

एक बार पटकने के बाद युवक बच्ची की तरफ दोबारा बढ़ा तो वहां मौजूद एक महिला ने उसे गोद में उठा लिया।
- घर में हुए झगड़े के बाहर गुस्से पर बाहर आया युवक : स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह वीडियो संजय कॉलोनी का है। घटनाक्रम रात का है। कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार में घरेलू कलह चल रही थी। घर के लोगों के बीच आपस में तीखी कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि युवक गुस्से से तमतमाता हुआ बाहर आया और सड़क पर खड़ी बच्ची को हाथ पकड़ कर मारना पीटना शुरू कर दिया।
- पहले थप्पड़ मारे, फिर सड़क पर पटका : गुस्से में आरोपी ने पहले बच्ची को ताबड़तोड़ दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए। बच्ची कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे दोनों हाथों से ऊपर उठाया और पूरी ताकत से पक्की सड़क पर नीचे पटक दिया। सड़क पर गिरने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
- महिला ने बचाई जान, अस्पताल में इलाज कराया : बच्ची को सड़क पर तड़पता देख वहां मौजूद एक महिला तुरंत आगे आई। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्ची को अपनी गोद में उठाया और आनन-फानन में उसे पास के ही एक निजी अस्पताल लेकर भागी। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत बच्ची का इलाज शुरू किया। फिलहाल घायल बच्ची डॉक्टरों की निगरानी में है।

इसके बाद युवक गालियां देता दूसरी तरफ चला गया।
बच्ची से मारपीट की नहीं मिली शिकायत
ओल्ड सब्जीमंडी थाना पुलिस ने बताया कि बच्ची के साथ मारपीट मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर किसी की तरफ से कोई शिकायत मिली तो मामले में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ऐसा कोई मामला अभी तक थाने में नहीं आया है।
फिर भी वीडियो के आधार पर युवक का पता लगाया जा रहा है। यह भी पता किया जा रहा है कि झगड़ा क्या था, युवक कौन है और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। बताया जा रहा है कि बच्ची को किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल का भी पता किया जा रहा है।

