निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था। वंदे मातरम के 150वें साल पर पीएम मोदी ने लाल किले से वंदे मातरम को सम्मान वापस दिलाने का काम किया है।
शाह ने राजस्थान के निंबाहेड़ा में कहा, कांग्रेस की निर्लज्जता देखिए… कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था। चालू गान में कांग्रेस की नेत्री सोनिया जी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने को कहा। हम सब टीवी पर देखते रहे। 80 साल के बाद बंकिम बाबू (बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय) का यह गान फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया जी को रास नहीं आता।
सोनिया जी 140 करोड़ की जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किया गया ये पाप इस देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेसियों में जरा भी शर्म बची है तो हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा और जनता से माफी मांगनी चाहिए।
राजस्थान दौरे पर आए अमित शाह ने निंबाहेड़ा में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने चित्तौड़गढ़ समेत 15 जिलों के 5659 करोड़ के 944 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

शाह ने निंबाहेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी समेत कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा।

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह में वंदे मातरम गाया जा रहा था, तभी सोनिया गांधी पीछे मुड़कर इशारा करती दिखीं। राहुल गांधी ने भी इशारे में कुछ पूछा। इसी को लेकर अमित शाह ने कमेंट किया है।
4 हजार किलो की है वाजपेयी की प्रतिमा
निंबाहेड़ा में वाजपेयी की प्रतिमा जेके सर्किल पर बनाए गए मिनी अटल स्मारक पर है। यह प्रतिमा 4 हजार किलो अष्टधातु से बनी है। इसे 8 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर लगाया गया है। जयपुर के कारीगरों ने इसे तैयार किया है। प्रतिमा के साथ ही दो और प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं।
एक प्लेटफॉर्म पर वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में हुए पोकरण परमाणु परीक्षण की झलक दिखाई गई है। दूसरे प्लेटफॉर्म पर उन्हें अलग-अलग मुद्राओं में भाषण देते हुए दिखाया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने निंबाहेड़ा में 21 फीट ऊंची अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।
अलवर में युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र
अमित शाह दोपहर करीब 3 बजे अलवर के विजयनगर ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां वे 6262 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना के पैसे सीधे किसानों को ट्रांसफर करेंगे। 10 हजार 580 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
बता दें कि अमित शाह शनिवार रात को उदयपुर पहुंचे थे। उदयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत किया था।
कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया
उधर, अलवर में अमित शाह के दौरे को लेकर खैरथल-तिजारा कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्हें रात भर होटल में नजरबंद किया गया। सुबह कार्यकर्ता होटल के बाहर पहुंचे तो सभी को थाने ले आई।
अलवर में शाह की सभा स्थल की ओर जा रहे कांग्रेस नेता दीनबंधु शर्मा को पुलिस ने स्कॉर्पियो से उतारकर हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई। इस दौरान दीनबंधु शर्मा ने काले गुब्बारे आसमान में उड़ाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने रोकते हुए हिरासत में ले लिया।

