इटावा : इटावा में अखिलेश यादव ने सड़क पर खून से लथपथ पति-पत्नी और बेटी को देखकर अपनी 50-60 गाड़ियों का काफिला रुकवा दिया। कार से उतरकर उनके पास पहुंचे। उनकी हालत देखी, फिर अपनी फ्लीट में मौजूद एम्बुलेंस से तीनों को सैफई मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी अपनी बेटी के साथ बाइक (बिक्की) से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार डस्टर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे सड़क पर तड़प रहे थे, तभी उन पर सैफई से इटावा जा रहे अखिलेश की नजर पड़ गई।
अखिलेश यादव का जैसे ही काफिला रुका, आसपास के लोग भी भारी संख्या में जुट गए। अखिलेश यादव के काफिले में पीछे सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा फोर्स के साथ मौजूद थे। अखिलेश ने उन्हें घटना की जानकारी दी। काफिले में मौजूद लोगों ने ही डस्टर चालक को गाड़ी समेत पकड़ लिया।
दरअसल, अखिलेश यादव के चाचा राजपाल यादव के घर पर रक्षाबंधन के मौके पर आज कार्यक्रम है। इसमें पूरा यादव कुनबा इकट्ठा हो रहा है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अखिलेश और धर्मेंद्र यादव सैफई से इटावा जा रहे थे। राजपाल यादव का 7 महीने पहले निधन हो गया था।
तस्वीरें

अखिलेश यादव ने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

अखिलेश यादव के साथ सांसद धर्मेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
एक दिन पहले पहुंचे थे सैफई
अखिलेश यादव लखनऊ से सैफई शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे पहुंच गए थे। वहां पर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और एक खिलाड़ी को सम्मानित किया। यहां उन्होंने महिलाओं से राखी भी बंधवाई।
शनिवार की सुबह पूरा परिवार इटावा के फ्रेंड कॉलोनी में चाचा स्व. राजपाल यादव घर पर इकट्ठा हो रहा था। यहीं पर शामिल होने के लिए अखिलेश 50-60 गाड़ियों के साथ जा रहे थे। उनके साथ भाई धर्मेंद्र यादव भी गाड़ी में मौजूद थे। सैफई से करीब 8 किमी चले होंगे तो इटावा-मैनपुरी मार्ग के तिराहे पर पति-पत्नी और उनकी 15 साल की बेटी को घायल हालत में पड़ा देखा।
लोगों ने डस्टर चालक को पकड़ा
उन्होंने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई। डस्टर चालक मौके से भागने की फिराक में था। काफिले में मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। अखिलेश ने अपनी फ्लीट में मौजूद वीआईपी एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया। सीओ को कार्रवाई के लिए कहा। घायलों की स्थिति की जानकारी लेकर करीब 10 मिनट बाद सभी लोग इटावा के लिए रवाना हो गए।
इटावा में इकट्ठा हुआ परिवार
बता दें कि राजपाल यादव का घर इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में है। आज पूरा परिवार वहीं इकट्ठा हो रहा है। अखिलेश के अलावा डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव, सांसद आदित्य यादव भी पहुंचे हैं। अखिलेश यादव के बेटे अर्जुन यादव, बेटी टीना यादव और अदिति यादव भी अपनी मां के साथ पहुंचे हैं।

