कानपुर : कानपुर में बेटी होने पर पति ने पहली पत्नी को छोड़कर चुपके से दूसरी शादी कर ली। स्नैपचैट देखकर पहली पत्नी को जानकारी हुई तो होश उड़ गए। वह उस वक्त मायके गई हुई थी। पति ने जिस युवती से शादी की वह उसकी गर्लफ्रेंड है।
पीएचडी उपाधि धारक युवती ने बताया कि ससुरालवाले उसका दो बार अर्बाशन करा चुके थे। तीसरी बार गर्भवती होने पर वह मायके में थी। इसी दौरान पति ने दूसरी शादी रचा ली। उसने ननदोई पर बड़ा आरोप लगाया। कहा- ननदोई ने जबरिया उसके कमरे में घुसकर शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। पति को बताया तो मुझे ही मारापीटा गया।
पीड़िता की शिकायत पर चेकरी थाने की पुलिस ने पति, सास-ससुर एफआईआर दर्ज की है। 23 अप्रैल को केस रजिस्टर हुआ था। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों का मीडिएशन 6 मई को था। अब 13 मई को दोनों पक्षों को बुलाया गया है।

ये तस्वीर पीड़ित महिला के पति और उसकी दूसरी पत्नी की है।
चकेरी थाना क्षेत्र में रिटायर्ड सूबेदार मेजर अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी 5 साल पहले हो गई थी। उन्होंने छोटी बेटी शादी 2022 में संभल के रहने वाले ताजदार से की थी।
शादी जीवनसाथी डॉट कॉम के माध्यम से तय की गई थी। पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी ने 2018 में पीएचडी की थी। लड़का पक्ष ने बताया कि वे लोग बड़े कंस्ट्रक्शन कारोबारी हैं। करीब एक महीने की बातचीत के बाद दोनों परिवारों में सहमति बन गई और फिर शादी की तारीख तय हो गई।
शादी के 10 दिन पहले मांगा दहेज
पीड़िता ने बताया- मेरा निकाह 2022 में हुआ। शादी के ठीक 10 पहले, जब सारे कार्ड्स बंट चुके थे। तब ससुराल वालों ने मेरे पापा से 50 लाख कैश, हीरे की अंगूठी और परिवार के 24 लोगों के लिए सोने की अंगूठी की मांग की थी।
जब मेरे परिवार ने कहा कि अचानक इतना बड़ी रकम नहीं इकट्ठा हो सकती। इसपर उन लोगों ने रिश्ता तोड़ने की धमकी दी। मेरे पापा ने कर्जा लेकर मांग पूरी की।
निकाह के लिए फिर मांगे 5 लाख
इसके बाद निकाह होने के दौरान पति ने पांच लाख रुपए मांग की रख दी। बोला अगर रकम नहीं दिया तो वह बारात वापस ले जाएगा। उनके पिता ने 5 लाख रुपए की चेक निकाह से पहले दिया। इसके बाद मेरा और ताजदार का निकाह हुआ था। पापा ने उस समय मुझे ये बात नहीं बताई थी।
दो बार अबॉर्शन कराकर बेरहमी से पीटा
महिला ने बताया कि शादी के बाद जब मैं प्रेग्नेंट हुई, तो मैंने ससुराल वालों को जानकारी दी। मेरे पति और सास ने खाने में दवाई मिलाकर खिला दी। अगले दिन ही मेरा 4 महीने का बच्चा पेट में ही मर गया।
इसके बाद जब मैं दोबारा प्रेग्नेंट हुई, तो उन लोगों ने दोबारा दवाई खिला दी। तीन दिन तक मुझे काफी दर्द हुआ। मैं दर्द से जमीन पर तड़प रही थी। पति और ससुराल वाले मुझे अस्पताल नहीं ले गए। जब मैंने इस बात की जानकारी अपनी मां को दी तो मां ने पति पर दबाव बनाया।
इसके बाद वे लोग मुझे अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने जांच कर बताया कि मेरे पेट में बच्चा 3 दिन पहले ही मर चुका है। उपचार के बाद मैं ससुराल लौटी तो ससुराली मुझे बांझ कहने लगे और कमरे में बंद कर मुझे बेरहमी से पीटा।
ननदोई ने जबरदस्ती करने की कोशिश की
पीड़िता ने बताया- ससुराल में ही मेरा ननदोई रहता था। उसकी मेरे ऊपर गलत नजर थी। बाथरूम जाने पर वह मुझे गलत तरीके से छूता था, आपत्तिजनक इशारे करता था। कई बार मेरे कमरे में घुसकर जबरदस्ती करने की कोशिश की।
एक बार मेरे कमरे में घुस गया और मुंह दबाकर संबंध बनाने का प्रयास करने लगा। मैं जैसे-तैसे धक्का देकर वहां से बाहर निकली। पूरी बात पति को बताई। वे उल्टे ही मुझे गंदी-गंदी गालियां देने लगे। फिर कमरे में बंद करके मुझे पीटा गया।

पीड़ित महिला बोली- सोशल मीडिया पर जब मैंने पति की फोटो देखी, तब मुझे दूसरी शादी का पता चला।
बेटी होने पर पति ने दूसरी शादी की
महिला ने बताया कि ससुराल के उत्पीड़न से तंग आकर मैं मई 2025 में बहाने से मायके आ गई। उस समय मैं प्रेग्नेंट थी। लेकिन मैं किसी से ये भी नहीं बताई थी। 1 जनवरी को मैंने कानपुर के निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। जब उसने मैंने इसकी जानकारी सास और पति को दी तो उन्होंने कहा कि 1 महीने बाद मुझे लेने आयेंगे।
इस बीच ईद का चांद देखने के बाद मैं रात में स्नैप चैट चला रही थी। तभी मुझे पति की आईडी दिखाई दी। जब मैंने आईडी चेक की तो वह किसी अन्य महिला के साथ थे। फोटो पर लिखा था ‘पत्नी के साथ’। मैंने पति को कॉल किया। पति पहले बहाने बनाते रहे लेकिन कसम देकर पूछा तो बताया कि उन्होंने गर्लफ्रेंड से शादी कर ली है।
जब मैंने सास-ससुर को कॉल किया तो वे बोले कि जाओ जो करना है कर लो। इसके बाद वे पुलिस आयुक्त के पास पहुंची। पूरी आपबीती सुनाई। उन्होंने थाने को निर्देश दिया और फिर मेरी तहरीर पर केस दर्ज की गई।

