Breaking
Sun. Feb 22nd, 2026

जीएलए यूनिवर्सिटी के छात्रों को गूगल में मिली बड़ी उपलब्धि

  • जीएलए बीटेक कम्प्यूटर साइंस के दो छात्र गूगल में इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट पर कार्य करने के लिए हुए चयनित

दैनिक उजाला, मथुरा : तकनीकी दुनियां के सबसे बड़े नाम गूगल के साथ अपने कॅरियर की शुरूआत करने के लिए जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के कम्प्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशन विभाग के दो छात्रों को इंटर्नशिप तथा प्रोजेक्ट पर कार्य करने का अवसर मिला है। ऐसे अवसर मिलना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है।

विदित रहे कि इस साल के बैच में विषयों का संतुलित मिश्रण देखने को मिला है, जिसमें कोर टेक शाखाओं का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। जीएलए विश्वविद्यालय की व्यावहारिक शिक्षा, कोडिंग संस्कृति और उद्योग मानकों से परिचित होने पर ध्यान केंद्रित करना विद्यार्थियों के लिए फलदायी साबित हो रहा है।

छात्रा ईशिका गोयल और छात्र यश कुमार कसौधन को मिली यह उपलब्धि तकनीकी प्रतिभा के लिए प्रतिस्पर्धी केंद्र के रूप में जीएलए की बढ़ती प्रतिष्ठा में इज़ाफा करती है।

इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी विभाग के डीन प्रो. अशोक भंसाली ने बताया कि बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा ईशिका गोयल को गूगल द्वारा इंटर्नशिप के लिए चुना गया है। इस इंटर्नशिप में उन्हें प्रतिमाह 1 लाख 37 हजार रूपये स्टाइपेंड प्राप्त होगा। यह उनके तकनीकी कौशल, तार्किक सोच और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का प्रमाण है। वहीं छात्र यश कुमार कसौधन को गूगल समर कोड (जीसोक) में कार्य करने का अवसर मिला है। यह एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित कार्यक्रम है, जिसमें चयनित छात्रों को ओपन सोर्स प्रोजेक्ट्स पर विश्व स्तरीय मेंटर्स के मार्गदर्शन में कार्य करने का अवसर मिलता है। यश को इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक माह 1000 अमेरिकी डॉलर की स्टाइपेंड प्राप्त होगा।

विभागाध्यक्ष संदीप राठौर ने बताया कि गूगल में छात्रों को एक कठिन ऑनलाइन मूल्यांकन दौर के बाद चुना गया, जिससे उनका चयन और भी प्रभावशाली हो गया। इंटर्नशिप एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो छात्रों को वास्तविक समय की परियोजनाओं पर काम करने, शीर्ष वैश्विक डेवलपर्स से जुड़ने और गूगल के साथ भविष्य की नौकरी की संभावनाओं का पता लगाने में मदद करता है।

उन्होंने बताया कि जीएलए विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग की इंडस्ट्री-केंद्रित शिक्षा प्रणाली, अनुभवी व समर्पित फैकल्टी और नवाचार को प्रोत्साहन देने वाले शैक्षणिक वातावरण का प्रतिफल है। इससे पूर्व भी कई छात्रों को अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट, कैपजेमिनी जैसी दिग्गज कंपनियों से जॉब ऑफर मिल चुके हैं।

जीएलए विश्वविद्यालय में छात्रों को डेटा स्ट्रक्चर व एल्गोरिद्म, प्रोग्रामिंग लैंग्वेज सी-प्लस प्लस, जावा, पायथन, गिट हब, ओएस, डीबीएमएस, सीएन, ओप्स, प्रॉब्लम सॉल्विंग तथा साक्षात्कार के लिए लिट कोड, कोर्ड फोर्सेस जैसे प्लेटफॉर्म पर नियमित अभ्यास छात्रों को रोजगारपरक बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *