Breaking
Tue. Nov 24th, 2026

छठी के छात्र की मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका:रात में रूम पार्टनर के साथ सोया, सुबह नहीं उठा; पिता बोले- अच्छे अस्पताल नहीं ले गया मैनेजमेंट

रीवा : रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में मंगलवार सुबह 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। छात्र रात में अपने रूम पार्टनर के साथ कमरे में सोया था, लेकिन सुबह नींद से नहीं उठा। काफी देर तक हरकत नहीं होने पर हॉस्टल प्रबंधन को सूचना दी गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक छात्र की पहचान सूर्यांश गुप्ता (13) के रूप में हुई है। वह रीवा के जवा क्षेत्र का निवासी था। सूर्यांश चोरहटा क्षेत्र के गुरुकुल निजी विद्यालय में कक्षा छठी का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। मासूम बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

शरीर पर चोट के निशान नहीं

संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, छात्र के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि छात्र को पहले से कोई गंभीर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी नहीं थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

मामले में पुलिस ने स्कूल मैनेजमेंट के लोगों से पूछताछ की।

मामले में पुलिस ने स्कूल मैनेजमेंट के लोगों से पूछताछ की।

स्कूल प्रबंधन ने बताई रात की रुटीन

हॉस्टल के केयरटेकर रावेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा सोमवार शाम 6 से रात 8:30 बजे तक क्लास में गया था। वहां से लौटकर उसने सभी बच्चों के साथ बैठकर डिनर किया। रात करीब 9:30 बजे डेली रुटीन के हिसाब से सभी बच्चों की फोटो ली गई थी, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। मंगलवार सुबह 7 बजे जब बाकी बच्चे उठ गए लेकिन सूर्यांश नहीं उठा तो उसे देखने पहुंचे। शरीर में कोई हलचल न दिखने पर उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेजा गया है।

शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेजा गया है।

पिता बोले- अस्पताल पहुंचा तो बच्चा मृत मिला, निष्पक्ष जांच हो

मृतक छात्र के पिता विनोद गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे उनके पास फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब है और उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इसलिए जल्दी पहुंचें। पिता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बच्चे को किसी अच्छे निजी अस्पताल में ले जाने और खुद के जल्द पहुंचने की बात कही थी, लेकिन प्रबंधन ने कोई कदम नहीं उठाया। जब वे संजय गांधी अस्पताल पहुंचे तो बच्चा मृत मिल चुका था। पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला के मुताबिक, सुबह स्पोर्ट्स टीचर बच्चों को जगाने पहुंचे थे, इसी दौरान छात्र नहीं उठा। पुलिस अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्कूल प्रबंधन सभी के बयान दर्ज कर रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *