Breaking
Fri. Sep 4th, 2026

गांजा पीकर विमान उड़ा रहा था पायलट, Air India ने नौकरी से निकाला; 300 फीट नीचे आई थी फुकेट-दिल्ली फ्लाइट

  • 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट अचानक 300 फीट नीचे आ गई थी, जिसकी वजह से कई लोग घायल हो गए थे

एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के मुख्य पायलट की जांच में मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई है। इसके बाद एयर इंडिया ने एक्शन लेते हुए पायलट को नौकरी से निकाल दिया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, “फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड की जांच में एक साइकोएक्टिव पदार्थ (नशीला पदार्थ) पाया गया। सुरक्षा, फिटनेस और नियमों के उल्लंघन के मामले में एयर इंडिया की ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति के तहत, पायलट की नौकरी तुरंत प्रभाव से खत्म कर दी गई है।”

घटना में 24 लोग हो गए थे घायल

बता दें कि फुकेट से दिल्ली की फ्लाइट AI 2379 का संचालन एयरबस A320-251N फ्लाइट से किया जा रहा था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-EXO था। फ्लाइट में 2 पायलट और क्रू के 6 मेंबर्स सहित कुल 145 लोग सवार थे। 10 पेज की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट के दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद 24 लोगों को मेडिकल हेल्प दी गई थी, जिनमें से 4 को गंभीर चोटें आई थीं।

टेस्ट में क्या सामने आया?

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी AAIB ने आज बताया था कि एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के मुख्य पायलट की जांच में उसकी तरफ से मादक पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई है और ये ‘गंभीर चिंता का विषय’ है। AAIB ने कहा कि इस केस की पुष्टि के लिए की गई पड़ताल में मुख्य पायलट की Psychoactive Substance से जुड़ी रिपोर्ट ‘निगेटिव नहीं’ पाई गई। उसने कहा, ‘Psychoactive Substance के सेवन की पुष्टि गंभीर चिंता का मुद्दा है और AAIB ने DGCA से प्रॉयरिटी के आधार पर उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की है।’

विमान को करना पड़ा था टर्बुलेंस का सामना

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने कहा कि शुरू में उसे सूचना दी गई थी कि फ्लाइट को दिल्ली जाते वक्त ‘टर्बुलेंस’ का सामना करना पड़ा था। इकट्ठा किए गए सबूतों और फ्लाइट में सवार लोगों को लगी चोटों के आकलन के बेस पर इस घटना को दुर्घटना की कैटेगरी में रखा गया।

चालक दल और उड़ान दल के मेंबर्स से अलग-अलग की गई पूछताछ

जांच एजेंसी अलग-अलग पक्षों से जुटाए गए आंकड़ों और रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। AAIB ने कहा, ‘जांच दल ने चालक दल और उड़ान दल के मेंबर्स से दिल्ली एयरपोर्ट पर बातचीत की। जांच दल ने उड़ान दल के दोनों सदस्यों से इसके बाद अलग से पूछताछ की।’

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *