नई दिल्ली/पटना : बिहार विधानसभा चुनाव में NDA और महागठबंधन के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हैं। कल मंगलवार को छठ खत्म होते ही इसमें तेजी आएगी। प्रियंका गांधी मंगलवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर रही हैं। कल वो बेगूसराय आएंगी, जिले के बछवाड़ा में उनकी सभा होगी। वहीं राहुल गांधी के 29 अक्टूबर को आने की खबर है।
वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार बदलाव के लिए बेसब्र है। यह नया बिहार बनाने का चुनाव है। जैसे एक जगह खड़ा पानी सड़ जाता है। वैसे ही यह NDA की सरकार हो गई है। उन्होंने कहा-

𝟐𝟎 बरस तक एक ही खेत में एक ही बीज बोने से खेत और फसल दोनों खराब हो जाते हैं। वैसे ही दो दशक की इस सरकार ने बिहार की दो पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया है।
इधर, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं। तेजस्वी यादव कौन सी दुनिया में हैं। तेजस्वी ने लड़ाई-झगड़ा करके अपना नाम CM फेस के रूप में प्रोजेक्ट करवाया है। हमारे गठबंधन में पहले से मुख्यमंत्री का चेहरा तय है।
दरअसल, 18वीं बिहार विधानसभा के लिए दो चरणों में चुनाव 6 और 11 नवंबर को होंगे। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों और दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होगा। इन दोनों चरणों में कुल 2616 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1085 प्रत्याशी यानी करीब 41% पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।
चिराग बोले- बिहार की जनता राजद को मौका नहीं देगी
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार की जनता ने 15 साल राजद की सरकार को देखा है। उन्होंने बिहार को बर्बाद करने का काम किया। बिहार की जनता इस बार उनको (राजद-महागठबंधन) को मौका नहीं देगी।
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राजद बड़ी पार्टी बनी, तो वह NDA के कारण बनी। उस चुनाव में NDA में एकता नहीं थी और मेरी पार्टी अलग चुनाव लड़ रही थी। 2025 के चुनाव में NDA में एकता है और महागठबंधन डिवाइड है। इस बार के चुनाव का परिणाम ऐतिहासिक होगा।
PM मोदी से 10 गुना अमीर भाजपा की रमा निषाद

बिहार की 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही भाजपा ने 13 महिलाओं को टिकट दिया है। इनमें से 2 को छोड़ सभी उम्मीदवार करोड़पति हैं। भाजपा की सबसे अमीर प्रत्याशी औराई की रमा निषाद हैं। इनके पास 31.85 करोड़ रुपए की संपत्ति है। दौलत के मामले में वह पीएम नरेंद्र मोदी से 10 गुना अमीर हैं। 2024 तक पीएम मोदी के पास 3.2 करोड़ रुपए संपत्ति थी।
जदयू की मनोरमा देवी पीएम मोदी से 21 गुना अमीर हैं। उनके पास 69 करोड़ रुपए की संपत्ति है। जदयू की एक भी महिला प्रत्याशी ऐसी नहीं है जो करोड़पति न हो। बीणा देवी NDA की सबसे कम संपत्ति की उम्मीदवार हैं। उनके पास केवल 1 लाख रुपए हैं, साथ ही कर्जदार भी हैं। उनके पति के पास 6 लाख रुपए की संपत्ति है।
शहाबुद्दीन के गढ़ सीवान में फंसी RJD
‘सीवान में हम लोग RJD के अवध बिहारी चौधरी को वोट देंगे। AIMIM भी अच्छी बातें करती है। बिहार में वो आए हैं, तो हम लोग खुश हैं। ऐसा नहीं है कि हम उन्हें वोट नहीं देना चाहते लेकिन अवध बिहारी विकास करते हैं और गरीबों की बात सुनते हैं।‘
सीवान जिले के रहने वाले 27 साल के शहजाद अली बेरोजगारी से परेशान हैं। हालांकि वे मौजूदा विधायक RJD के कद्दावर नेता अवध बिहारी को ही दोबारा जिताने की बात करते हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रहे अवध बिहारी के सामने इस बार बिहार सरकार में मंत्री BJP के मंगल पांडे हैं।
राजीव रंजन बोले- पूरे देश में SIR स्वागत योग्य कदम
SIR मुद्दे पर JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “यह चुनाव आयोग का स्वागत योग्य निर्णय है। एसआईआर ने बिहार में शानदार काम किया है। इसे पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए और इसका उद्देश्य स्पष्ट है। कोई भी अवैध मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई भी वैध मतदाता छूटे नहीं।”
राजनीतिक दलों ने नए चेहरों पर भरोसा जताया
बिहार चुनाव में राजनीतिक दलों ने इस बार नए चेहरों पर भरोसा जताया है। भाजपा ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को अलीनगर से, राजद ने पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती डॉ. करिश्मा राय को परसा से और भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को छपरा से टिकट दिया है।
JDU ने इस्लामपुर से पूर्व विधायक राजीव रंजन के बेटे रोहेल रंजन, जन सुराज ने कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर (मोरवा), हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट वाई.वी. गिरि (मांझी), गणितज्ञ के.सी. सिन्हा (कुम्हरार) और भोजपुरी गायक रितेश पांडेय (करगहर) को मैदान में उतारा है।
रालोमा ने उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता (सासाराम) और लोजपा (आर) ने चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल (गरखा) को टिकट दिया है। हम ने पूर्व मंत्री अनिल कुमार के भतीजे रोमित कुमार को प्रत्याशी बनाया है।
ये उम्मीदवार पहली बार विधानसभा या लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। राज्यसभा या विधान परिषद के सदस्य भी नहीं रहे हैं। राजनीतिक दलों ने विनिबिलिटी फैक्टर (जीतने की संभावना) को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों पर दांव लगाया है। अब देखना यह है कि अनुभवहीन उम्मीदवार विधानसभा की दहलीज पार कर पाते हैं या नहीं।
बिहार में प्रियंका की रैली कल, राहुल 29 अक्टूबर को सभा करेंगे
बिहार चुनाव के लिए प्रियंका गांधी मंगलवार को अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर रही हैं। 27 अक्टूबर वो बेगूसराय आएंगी, जिले के बछवाड़ा में उनकी सभा होगी। वहीं, राहुल गांधी के 29 अक्टूबर को आने की खबर है।
अभी तेजस्वी यादव की रोजाना 3 से 4 सभा हो रही है, आने वाले दिनों में इसकी संख्या भी बढ़ेगी। साथ ही सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के 40 नेता बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।
मनोज तिवारी बोले- NDA में नीतीश कुमार ही CM फेस
RJD नेता तेजस्वी यादव के बयान पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में भी मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही हैं।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कौन सी दुनिया में हैं। तेजस्वी ने लड़ाई-झगड़ा करके अपना नाम CM फेस के रूप में प्रोजेक्ट करवाया है। हमारे गठबंधन में पहले से मुख्यमंत्री का चेहरा तय है।

